भाजपा आज करेगी कलेक्ट्रेट का घेराव

 

 

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। जिला भाजपा द्वारा शुक्रवार 24 जनवरी को विभिन्न स्थानीय एवं प्रादेशिक मुद्दों को लेकर जिला कलेक्ट्रेट परिसर का घेराव किया जायेगा। भाजपा के प्रदेश मंत्री कन्हई राम रघुवंशी के नेत्तृत्व में भाजपा कार्यकर्त्ता दोपहर 02 बजे जिला कलेक्ट्रेट परिसर पहुँचकर घेराव करेंगे। इस आशय की जानकारी भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम तिवारी द्वारा दी गयी है।

श्री तिवारी द्वारा कहा गया कि कमल नाथ सरकार ने किसानों के साथ वादा खिलाफी की है। दो लाख रूपये तक का कर्जा 10 दिन में माफ करने का वादा करने वाली काँग्रेस सरकार आज भी विज्ञापनों के माध्यम से किसानों को सिर्फ आश्वासन दे रही है और किसान कर्ज माफी की आशा में दर-दर भटकने पर मजबूर हैं। सरकार को किसानांे की कोई सुध नहीं है। उनकी फसलों को न तो समय पर खरीदा गया और न भुगतान किया गया और न ही प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को किसी तरह की राहत दी गयी। इस किसान विरोधी सरकार को चेतावनी के लिये भाजपा द्वारा जिला कलेक्ट्रेट का घेराव किया जायेगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा कहा गया कि इन दिनों प्रदेश की कानून व्यवस्था बुरे दौर से गुजर रही है। काँग्रेस पोषित अराजक तत्वों ने अपने आपराधिक कारनामों से प्रदेश को अराजकता की ओर धकेल दिया है। ट्रांसफर उद्योग से भयभीत प्रशासन काँग्रेस के दबाव में ऐसे लोगों पर कार्यवाही करने की बजाय संरक्षण दे रहा है। पूरे प्रदेश का काँग्रेसी करण हो चुका है। इसी मनमानी के चलते राजगढ़ जिले की कलेक्टर द्वारा देश के संविधान और अपने कर्त्तव्यों को तिलांजलि देते हुए भाजपा कार्यकर्त्ताओं के साथ न सिर्फ मारपीट की गयी बल्कि भारत माता की जय बोलने वालों के हाथों से तिरंगा छीनने का दुष्कर्म किया गया जो कि कमल नाथ सरकार के खुले संरक्षण का प्रमाण है।

श्री तिवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के संरक्षण में सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा भाजपा कार्यकर्त्ताओं के साथ भेदभाव पूर्ण कार्यवाही करते हुए उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। लोगों में भय का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्त्ता काँग्रेस सरकार की नीतियों और ऐसे कृत्यों का कड़ा विरोध करेंगे।

भाजपा मीडिया प्रभारी श्रीकांत अग्रवाल ने बताया कि 24 जनवरी को होने वाले इस घेराव कार्यक्रम के लिये भाजपा कार्यकर्त्ता दोपहर 01 बजे भाजपा जिला कार्यालय में एकत्रित होंगे। वहाँ से वे जिला कलेक्ट्रेट परिसर पहुँचकर घेराव करेंगे। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश मंत्री कन्हई राम रधुवंशी के साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता गण भी उपस्थित रहेंगे। प्रेम तिवारी द्वारा पार्टी के समस्त कार्यकर्त्ताओं, जन प्रतिनिधियों, वरिष्ठ नेताओं, जिला पदाधिकारियों से इस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।