सिवनी लखनादौन के बीच दो टोलनाकों का उठा मामला

 

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। लोक सभा के शून्य काल में बालाघाट सांसद डॉ.ढाल सिंह बिसेन द्वारा सिवनी लखनादौन के बीच एनएचएआई द्वारा एक और टोल प्लाज़ा मड़ई में आरंभ किये जाने पर अलोनिया टोल प्लाज़ा को सिवनी नागपुर रोड पर स्थानांतरित करने का मामला उठाया गया।

इसके उपरांत सांसद डॉ.बिसेन ने केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राज मार्ग मंत्री नितिन गड़करी से भेंट कर टोल प्लाज़ा अलोनिया को फिलहाल बंद करने के संबंध में पत्र सौंपा। उक्त जानकारी सांसद के निज़ सचिव सतीश ठाकरे ने देते हुए बताया है कि लोकसभा के शून्य काल में सांसद डॉ.बिसेन द्वारा लोकसभा अध्यक्ष का ध्यान इस ओर आकृष्ट किया गया कि दो दिन पूर्व नेशनल हाईवे 44 के सिवनी लखनादौन के बीच मात्र 60 किलो मीटर की दूरी पर एक और टोल नाका ग्राम मड़ई में आरंभ कर दिया गया है। एनएचएआई के इस निर्णय से सिवनी जिले के निवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। जनता का आक्रोश स्वभाविक है, सिवनी से 15 किलो मीटर दूर अलोनिया में टोल प्लाज़ा पहले से ही टोल वसूल कर रहा है।

डॉ.बिसेन ने कहा कि सिवनी से लखनादौन मार्ग के 561 से 565 किलो मीटर की सड़क का एलीवेशन सही नहीं होने के कारण आये दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। अभी सड़क सुधरी ही नहीं है और दूसरा टोल नाका आरंभ कर दिया गया है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से आग्रह किया कि जनता के आक्रोश को देखते हुए अलोनिया के टोल नाका को सिवनी नागपुर रोड पर स्थानांतरित कर दिया जाये। उन्होंने इस ओर भी ध्यान आकृष्ट किया कि सिवनी से लखनादौन जाने वालों से पहले से ही मोहगाँव से सिवनी तक का टोल वसूला जा रहा है, अब दूसरा टोल नाका आरंभ कर देने के कारण जनता पर आर्थिक बोझ पड़ेगा और इसी कारण जनता में आक्रोश है।

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.