मौसम में बदलाव जारी, तापमान में गिरावट

 

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। सिवनी सहित पूरे मध्य प्रदेश में मौसम ठंडा – गर्म बना हुआ है। अधिकतम 32.4 डिग्री तापमान पहुँचने के बाद रोज़ाना तापमान 1-1 डिग्री सेल्सियस कम हो रहा है। पिछले पाँच दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट हुई है। आने वाले दिनों में एक बार बारिश का सामना भी करना पड़ सकता है।

सिवनी के आसमान से शनिवार से आसमान से बादल बिदा ले चुके हैं और मौसम साफ रहा, पर धुरैड़ी के दिन सुबह से हुई बारिश ने एक बार फिर मौसम में ठंडक घोल दी है। मंगलवार के बाद मौसम अपेक्षाकृत सर्द बना हुआ है। मार्च माह में भी गर्मी अपनी पूरी रफ्तार नहीं पकड़ पा रही है।

मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि आने वाले दिनों में सिवनी सहित 14 जिलों में बारिश हो सकती है। इनमें शहडोल और रीवा संभाग के जिले और कटनी, जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, मण्डला, छिंदवाड़ा, विदिशा, रायसेन, सीहोर और भोपाल जिले में बारिश की चेतावनी जारी की गयी है। इन जिलों में से कहीं – कहीं गरज चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं।

हिमाचल में बर्फबारी से गिरेगा तापमान :  सूत्रों ने बताया कि प्रदेश में फिलहाल न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से ऊपर निकल गया है। हाल ही में हिमाचल प्रदेश में हुई बारिश और बर्फबारी हुई। हाल ही में शिमला, मनाली, किन्नौर, लाहोल स्पीति, कुल्लू, सिरमौर, चंबा और कांगड़ा जिलों में बर्फबारी होने से वहाँ का तापमान भी गिर गया। शिमला के पास पर्यटन स्थल कुफरी में भी ताजा बर्फ गिरी है। हिमाचल में हुई बर्फबारी का असर जल्द ही मैदानी इलाकों में भी देखने को मिलेगा। हवा का रुख उत्तरी होने के कारण इसका असर मध्य प्रदेश के कुछ जिलों तक पहुँच सकता है।