बदलने लगा मौसम, सर्दी हो रही कम

 

धीरे-धीरे बढ़ने लगा तापमान

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। एक बार फिर मौसम का मिज़ाज बदलता दिख रहा है। दिन और रात में सर्दी का असर शनैः शनैः कम होता जा रहा है। मौसम का मिजाज बदलने से धीरे – धीरे सर्दी कम होने लगी है। दिन में तेज धूप होगी और उसके प्रभाव से रात के तापमान में भी कमी आयेगी।

मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि मंगलवार को हवा का रूख उत्तरी से उत्तर – पश्चिमी एवं धूप तेज होने के कारण मौसम पर असर पड़ा। दिन व रात के तापमान में आंशिक वृद्धि दर्ज की गयी। इसके प्रभाव से बुधवार को सर्दी कुछ कम होने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। 11 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रारंभ हुआ है। इसी के साथ मौसम में परिवर्तन भी हो रहा है। हवा की दिशा बदलने के कारण तापमान में बढ़ौत्तरी हो रही है। अधिकतम तापमान में दो दिन से वृद्धि हो रही है। अधिकतम तापमान लगभग तीन डिग्री ऊपर चढ़ा है इस कारण न्यूनतम तापमान भी बढ़ेगा और सर्दी कम होगी।

पल-पल बदलते मौसम के पूर्वानुमान के हिसाब से सूत्रों ने बताया कि बुधवार को दिन में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तो रात में पारा 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इसके बाद दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को स्पर्श कर सकता है और रात में पारा 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।