मौसम के तेवर बने रहेंगे सर्द गर्म!

 

मंगलवार से फिर बढ़ने लगेगा तापमान

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। जिले में शनिवार को दिन भर हल्के बादलों का डेरा रहा। दिन में लोगों को सूरज के दर्शन बमुश्किल हो सके। वहीं शाम को मौसम खुला लेकिन ठण्ड से लोगों को खास निज़ात नहीं मिल सकी। न्यूनतम पारा 14 डिग्री सेल्सियस रहा वहीं अधिकतम पारा 22 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुँच गया है।

मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि दिन में दो से चार किलो मीटर की रफ्तार से चलने वाली पश्चिमी हवाओं से कुछ राहत मिली। पश्चिमी मध्य प्रदेश पर बना ऊपरी हवा का चक्रवात पूर्वी क्षेत्र की तरफ खिसक गया है। सिस्टम का असर समाप्त होते ही बादल छंट गये।

सूत्रों ने बताया कि इसके साथ ही हवा का रुख भी उत्तरी, उत्तर – पश्चिमी हो गया है। इसके कारण ठण्ड का असर बढ़ गया है। दो तीन दिन बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 21-22 जनवरी से मौसम में फिर बदलाव होने की संभावना है। वैसे वर्तमान में उत्तर भारत में बर्फबारी के चलते मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठण्ड पड़ रही है।

पल-पल बदलते मौसम के पूर्वानुमान के हिसाब से सूत्रों ने बताया कि रविवार को दिन में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तो रात में पारा 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सोमवार को दिन में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस एवं रात में 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के बाद मंगलवार को दिन में पारा कुछ बढ़कर 27 डिग्री सेल्सियस तो रात में यह 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

सूत्रों ने आगे बताया कि 23 जनवरी को रात में पारा उतरकर ईकाई पर भी आ सकता है। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को रात में पारा 09 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

दिनचर्या पर पड़ा असर : तापमान गिरने के कारण लोगों की दिनचर्या पर असर पड़ने लगा है। शीत लहर का असर बरकरार रहने के कारण लोग घरों से बाहर कम ही निकल रहे हैं। ग्रामीण अंचल में भी हलचल कम रही। क्षेत्र में मावठे का मौसम बना हुआ है। इससे किसानों में खुशी भी है। बाज़ारों में भी तेज सर्दी के कारण भीड़भाड़ कम रही। शाम से लोग अलाव जलाकर तापते रहे। किसानों को कोहरे से फसलों पर होने वाले असर का खौफ सताता दिख रहा है।