मंगलवार से चार दिनों तक बूंदाबांदी का बन रहा योग!
(ब्यूरो कार्यालय)
सिवनी (साई)। उत्तर भारत से आ रहीं सर्द हवाओं ने जिले के निवासियों को हाड़ गलाने वाली सर्दी से रूबरू करवा ही दिया है। चार पाँच दिनों से पारे ने जिस तरह से गोता लगाया उससे सारा जिला कांप उठा है। लगातार चौथे दिन भी रात में अधिकतम और न्यूनतम तापमान ईकाई पर ही रहा।
ज्ञातव्य है कि बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरमियानी रात में अधिकतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। शुक्रवार को दिन में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
इसी तरह शुक्रवार एवं शनिवार की दरमियानी रात में पारा एक बार फिर गिरा जब अधिकतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को दिन में अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार एवं रविवार की दरमियानी रात को अधिकतम तापमान एक बार फिर नीचे उतर गया। यह 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को दिन में अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
रविवार और सोमवार की दरमियानी रात अधिकतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 06 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में पारे में कुछ उछाल दर्ज किया गया। सोमवार को दिन में अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से मंगलवार से बारिश होने की भी संभावना बन रही है। रविवार से आसमान में बादलों के आने का सिलसिला भी आरंभ हो गया है। बादल छाने से रात में ठण्ड से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन दिन के तापमान में गिरावट होगी।
सूत्रों ने आगे बताया कि राजस्थान पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बन गया है। जिसके चलते सोमवार को दोपहर के समय हवा का रुख उत्तरी से बदलकर कुछ देर के लिये दक्षिण – पूर्वी हो गया था। इस सिस्टम के कारण वातावरण में नमी आने का सिलसिला आरंभ हो गया है। इससे आसमान पर ऊँचाई पर और मध्यम स्तर पर बादल छाने लगे हैं।
सूत्रों ने बताया कि सोमवार को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में दाखिल होने जा रहा है। उसके प्रभाव से मंगलवार से सिवनी सहित प्रदेश के कई स्थानों पर गरज एवं चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। मंगलवार को 03 मिली मीटर, बुधवार को 01, बृहस्पतिवार को 06 तो शुक्रवार को 08 मिली मीटर पानी गिरने की उम्मीद सूत्रों ने जतायी है। बारिश का दौर रुक-रुक कर बुधवार से शुक्रवार तक जारी रह सकता है। इसके बाद मौसम साफ होने पर पूरा प्रदेश फिर कड़ाके की ठण्ड की चपेट में आ जायेगा।
यह है हाल : सूत्रों की मानें तो एक पश्चिमी विक्षोभ पूर्वी ईरान और उससे लगे अफगानिस्तान में औसत समुद्र तल से 3.1 किलो मीटर ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, मध्य उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में स्थित चक्रवाती परिसंचरण अब समुद्र तल से ऊपर 1.5 से 2.1 किलो मीटर के बीच दक्षिण पूर्व उत्तर प्रदेश में देखा जा रहा है।
वहीं, समुद्र तल से 1.5 किलो मीटर ऊपर एक ट्रफ पूर्वाेत्तर राजस्थान से पूरे गुजरात में होता हुआ उत्तर एवं पूर्व अरब सागर तक चलायमान है। वहीं, मालदीव क्षेत्र से लक्ष्यद्वीप क्षेत्र तक पूर्वी हवाओं में बनी द्रोणिका अब दूर पश्चिम की ओर चली गयी है। दक्षिण, पूर्व राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों पर बना चक्रवाती परिसंचरण अब कम चिन्हित हो गया है।

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.