सर्द हवाओं ने जमकर ठिठुराया!

 

दिन में चलीं अपेक्षाकृत दोगुनी गति से सर्द हवाएं

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। लगातार तीन चार दिनों से पारा, गोता लगा रहा है जिससे फरवरी के दूसरे सप्ताह में भी लोग ठिठुर रहे हैं। रविवार को सुबह से चलने वाली सर्द हवाओं ने लोगों को घरों के अंदर कैद रहने पर मजबूर कर दिया। धूप में चुभन थी, पर सर्द हवाओं के सामने उसका प्रभाव भी कम ही दिख रहा था।

आसमान पर दो दिन से मंडरा रहे काले बादलों का छंटना आरंभ होने के साथ ही सर्द हवा ने अपना असर दिखाया। सामान्य दिनों के अपेक्षाकृत दोगुनी गति से हवा चली। पहाड़ी राज्यों से आयी हवा ने सर्दी और पूर्वी हवा ने मौसम में नमी घोली। शनिवार को शाम से छंटते – छंटते हल्के बादल रविवार को सुबह गायब हो गये।

आसमान साफ होते ही तापमान में गिरावट आयी। सर्द सुबह के साथ ही चली ठंडी हवा ने शीत लहर जैसा अहसास कराया। एक बार फिर सर्दी से कंपकंपी छूटी। सुबह और रात में लोग जैकेट, शॉल और गर्म कपड़ों से खुद को पूरी तरह ढंककर ही लोग घर से बाहर निकले। उप नगरीय और बाहरी क्षेत्रों में रात के समय सर्द हवा के साथ गलन महसूस हुई।

मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि रविवार को आकाश साफ हो गया है। हवा की गति भी तेज बनी हुई है। रविवार को शीतल दिन बना रहा। रविवार को मौसम शुष्क रहने के साथ ही सर्द हवा चल रही है। उत्तरी हवा के बने रहने से तापमान में और गिरावट आ सकती है। अभी एक-दो दिन सर्दी का प्रभाव बढ़ने का अनुमान है। मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ का असर आने की सम्भावना है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर मौसम में परिवर्तन हो सकता है।

भू-अभिलेख से राकेश विश्वकर्मा ने सिवनी के स्थानीय तापमान के संबंध में अधिकृत जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को दिन में अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस, तो न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं इसके पहले रात में अधिकतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम पारा 08 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया।

पल-पल बदलते मौसम के पूर्वानुमान के हिसाब से सूत्रों ने बताया कि सोमवार को दिन में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस एवं रात में यह 09 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मंगलवार को दिन और रात के तापमान में बढ़ौत्तरी की उम्मीद है, मंगलवार को दिन में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।