सर्द हवाओं ने घटाया तापमान

 

 

आज से आयेगा मौसम पटरी पर

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। उत्तरी हवा के घटते – बढ़ते असर के बीच मौसम का हाल पल-पल बदल रहा है। बदलते मौसम के बीच उमस और हवा के बर्ताव से अजीब स्थिति बन रही है। हिमालय की बर्फीली वादियों से आ रही हवा के कारण देर रात घरों से बाहर निकलने पर हल्की ठण्ड का अहसास हो रहा है। वहीं, घरों के अंदर लोगों को उमस महसूस हो रही है।

घरों के अंदर पंखा बंद करने पर गर्मी लग रही है। पंखा चलाने पर ठण्डक का अहसास हो रहा है। मौसम के ऐसे व्यवहार से आम लोगों की सेहत पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। लगातार बदल रहे तापमान के बीच शरीर मौसम के साथ तालमेल नहीं बना पा रहा है। कमजोर इम्यून सिस्टम और ब्लड प्रेशर के मरीजों को परेशानी से जूझना पड़ रहा है। बच्चे भी बीमार हो रहे हैं।

मौसम के इस बदलाव से दिन और रात में अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच दो गुना से ज्यादा का अंतर हो गया है। ब्रहस्पतिवार और शुक्रवार की रात में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो इसकी पिछली रात को 14 डिग्री सेल्सियस था। वहीं ब्रहस्पतिवार को दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस था तो शुक्रवार को यह बढ़कर 32 डिग्री सेल्सियस हो गया।

मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि सुबह और शाम, दोनों वक्त पर तापमान सामान्य से नीचे होने के कारण गर्मी का अहसास नहीं हो रहा है। उत्तर भारत के पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी ने मौसम को सर्द कर दिया है। बुधवार की शाम से ही हवा में ठण्डक महसूस होने लगी थी। ब्रहस्पतिवार और शुक्रवार को भी हालात इसी तरह के रहे।

अभी रहेगी हल्की ठण्ड : सूत्रों के अनुसार अगले चौबीस घण्टे में उत्तरी दिशा से ही हवा चलेगी। इसका मतलब है कि पहाड़ों से निकली सर्द हवा का असर जिले में महसूस किया जायेगा। दिन की अपेक्षा शाम, रात और सुबह के समय तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.