कलेक्टर सुश्री जैन ने नगरपालिका एवं बंडोल समूह नल जल योजना के इंटेकवेल तथा भीमगढ़ डेम का किया निरीक्षण

(ब्यूरो कार्यालय)
सिवनी (साई)। संजय सरोवर बांध के जलस्तर घटने से प्रभावित हुई सिवनी नगरीय क्षेत्र एवं बांध के पानी से संचालित हो रही ग्रामीण समूह नल जल योजनाओं की समस्या के निराकरण के लिए कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने जल संसाधन, पीएचई, जल निगम एवं नगरपालिका सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों के साथ नगरपालिका सिवनी के इंटेकवेल सुआखेड़ा एवं ग्राम गुहना स्थित बंडोल समूह नल जल योजना के इंटेकवेल तथा भीमगढ़ डेम का निरीक्षण किया।
उन्होंने सिवनी नगरपालिका इंटेकवेल तक बांध के मुख्य भराव स्थल से पानी लाने के लिए चैनल बनाने, पम्प से पानी लिफ्ट करने जैसे विभिन्न विकल्पों पर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने उक्त सम्बंध में संयुक्त रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर सुश्री जैन ने बंडोल समूह नल जल योजना के इंटेकवेल पहुँचकर जल निगम के प्रगतिरत चैनल निर्माण कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने सम्पूर्ण ग्रीष्म काल में सतत पेयजलापूर्ति को ध्यान रखते हुए कार्य करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। कलेक्टर सुश्री जैन ने नगरीय क्षेत्र में तत्काल पेयजलापूर्ति के लिए बंडोल समूह नल जल योजना से नगरपालिका को पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने के निर्देश जल निगम एवं नगरपालिका के अधिकारियों को दिये।
कलेक्टर सुश्री जैन ने भीमगढ़ डेम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने डेम में पानी के लेवल का अवलोकन करने के साथ ही विगत वर्षों में अप्रैल माह के लेवल का अवलोकन भी किया। उन्होंने बांध के पानी से संचालित की जा रही सभी पेयजल योजनाओं के सतत क्रियान्वयन के लिए छिंदवाड़ा जिले के पेंच बांध से पानी भीमगढ़ में लाने के लिए आवश्यक कार्यवाही के लिये जलसंसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया हैं।

अखिलेश दुबे

लगभग 15 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के सिवनी ब्यूरो के रूप में लगभग 12 सालों से कार्यरत हैं. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.