किसानों के लिये तबाही का कारण बन रही काँग्रेस की योजनाएं

 

 

भाजपा विधायक दिनेश राय सोमवार को देंगे कमल नाथ सरकार के खिलाफ धरना

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। प्रदेश में जो सरकार किसानों के हितों के नाम पर बन कर आयी थी वह आज किसानों की तबाही का कारण बन गयी है। प्रदेश सरकार की किसान विरोधी नीतियों के विरोध और जिले के किसानों एवं आम जनों की प्रमुख समस्याओं को लेकर जिला भाजपा की अगुआयी में सिवनी विधायक दिनेश राय द्वारा सोमवार 10 जून को स्थानीय कचहरी चौक पर दोपहर दो बजे एक विशाल धरना दिया जाकर प्रदेश सरकार के नाम एक सामूहिक ज्ञापन सौंपा जायेगा।

उक्त आशय की जानकारी भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम तिवारी द्वारा दी गयी है। सिवनी विधायक दिनेश राय द्वारा जिले तथा विशेषकर सिवनी विधान सभा क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं पर प्रदेश सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए बताया गया कि पेंच परियोजना के अंतर्गत चल रहे नहरों के निर्माण कार्यों को एकाएक रोक दिया गया है।

उन्होंने बताया कि वहीं लाल माटी क्षेत्र के लिये प्रस्तावित नवीन नहर का निर्माण कार्य भी प्रारंभ नहीं किया गया है। इसी तरह किसानों के समक्ष खाद बीज की समस्या खड़ी हो गयी है जबकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में पेयजल समस्या एवं विद्युत आपूर्ति की विकट समस्या बनी हुई है।

विधायक श्री राय ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने कर्ज माफी के वायदे को पूरा नहीं किया है जिससे किसान निराश और परेशान हैं। सहकारी बैंकों एवं सहकारी समितियों द्वारा किसानों को खाद बीज देने में आनाकानी की जा रही है। भावांतर की राशि रुकी हुई है, जबकि मृतक कृष्कों के परिजनों को मुआवजा राशि भी नहीं दी जा रही है।

श्री राय ने कहा कि सिवनी में स्वीकृत और निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य रोक दिया गया है जो कि जिले एवं एवं नगर की जनता के साथ भेदभाव एवं अन्याय पूर्ण कार्यवाही है। उन्होंने कहा कि वे अब प्रदेश सरकार की विकास विरोधी नीतियों का पुरजोर विरोध करेंगे।

भाजपा मीडिया प्रभारी श्रीकांत अग्रवाल द्वारा बताया गया कि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम तिवारी ने काँग्रेस पर आरोप लगाया है कि प्रदेश सरकार प्रदेश को बंटाधार युग की तरफ धकेलने का कार्य कर रही है। जिले में भाजपा शासन के दौरान चल रहे विकास कार्यों को षड्यंत्र पूर्वक रोक दिया गया है। सिवनी के साथ मुख्यमंत्री कमल नाथ का सौतेला व्यवहार उनकी पुरानी नीति रही है जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

इस धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में कृषकों और आम जनों की अधिक से अधिक संख्या में उपस्थिति की अपील भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम तिवारी, सिवनी विधायक दिनेश राय एवं भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष मुकेश बघेल द्वारा की गयी है।