पिता पुत्र में विवाद, गोली लगने से बेटी गंभीर!

 

बंदूक थी लाईसेंसी पर लाईसेंस हो चुका था एक्सपायर!

(अपराध ब्यूरो)

सिवनी (साई)। अरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत शुक्रवार एवं शनिवार की दरमियानी रात घर के अंदर गोली चलने से एक युवती घायल हो गयी। युवती को उपचार के लिये जिला चिकित्सालय में दाखिल करवाया गया। शनिवार को युवती की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया।

अरी पुलिस सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि अरी थानांतर्गत दुल्हापुर ग्राम में शुक्रवार एवं शनिवार की दरमियानी रात एक घर में गोली चलने से एक युवती घायल हो गयी। युवती को उपचार के लिये जिला चिकित्सालय में रात में ही भर्त्ती कराया गया। शनिवार को उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया।

सूत्रों ने बताया कि घटना की रात लगभग दस बजे पिता पुत्र के बीच विवाद की बात भी सामने आ रही है। इस विवाद के बीच ही गोली चलने की बात भी बतायी जा रही है। इसी दौरान बंदूक से निकली गोली दीवार से टकराकर युवती के कंधे में जा घुसी।

इधर, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बरघाट भगत सिंह धुर्वे ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि बीति रात लगभग पौने दस बजे दूल्हापुर ग्राम के रामसिंह (60) पिता उड़कू बिसेन खेत की रखवाली के लिये घर से जा रहे थे। वे अपने साथ लाईसेंसी बंदूक ले जा रहे थे। बंदूक में गोली भरी हुई थी। सफाई के दौरान असावधानीवश गोली चली और छत से टकराकर वह उसी कमरें में खड़ी युवती आभा (22) पिता धनेंद्र बिसेन के कंधे में जा घुसी।

लाईसेंस हो चुका था एक्सपायर : इधर, पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह बंदूक लाईसेंसी थी पर इस बंदूक का लाईसेंस पिछले साल 31 दिसंबर को ही एक्सपायर हो चुका था। लाईसेंस नवीनीकरण के लिये आवेदन दिया गया था या नहीं इसकी जानकारी नहीं ंिमल सकी है। फिलहाल पुलिस ने सूचना दर्ज कर ली है।