23 को बूंदाबांदी, फिर बढ़ेगी सर्दी!

 

फिलहाल बृहस्पतिवार तक है सर्दी से राहत

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत के नजदीक पहुँचते ही मौसम का मिज़ाज बदलने लगा है। इसके चलते हवा का रुख बार-बार परिवर्तित होने लगा है। वातावरण में नमी आने से ऊँचाई पर बादल छाने लगे हैं। इस वजह से सोमवार को दिन के तापमान में बढ़ौत्तरी दर्ज की गयी। हालांकि तेज धूप के साथ ही ठण्डी हवाओं की वजह से जनजीवन पर असर पड़ा है।

दो-तीन दिन तक राहत देने के बाद मौसम ने एक बार फिर पलटी मारी है। रविवार को दिन भर गलन भरी हवाओं के बाद सोमवार को सुबह मौसम सर्द ही रहा। दिन में नौ बजे के बाद हवाएं तो चल रहीं थीं, पर उनसे अपेक्षाकृत कम ही ठण्डक महसूस हुई। दोपहर तीन बजे के बाद मौसम में फिर ठण्डक घुल गयी। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात शहर, शीत लहर के आगोश में ही रहा।

मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में जम्मू काश्मीर क्षेत्र के नजदीक पहुँच गया है। इसके प्रभाव से सोमवार से हवाओं का रुख कभी दक्षिण पश्चिमी तो कभी उत्तर पश्चिमी होता रहा। दक्षिणी हवा के कारण वातावरण में नमी आने लगी है। इसके कारण बादल छाने लगे हैं।

मंगलवार को बादल घने होने की संभावना : सूत्रों ने आगे बताया कि मंगलवार को बादल घने होने की संभावना है। मंगलवार एवं बुधवार को प्रदेश में कहीं – कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। बादलों के कारण रात के तापमान में कुछ बढ़ौत्तरी हो सकती है। इसके चलते ठण्ड से कुछ राहत की उम्मीद है।

रविवार को बादलों के साथ उत्तर से आ रहीं बर्फीली हवाओं ने कंपकंपी छुड़ा दी। दोपहर बाद थोड़ी – थोड़ी देर में धूप के दर्शन हो रहे थे। अधिकतम और न्यूनतम पारे में भी गिरावट दर्ज की गयी। मौसम में हो रहे बार-बार बदलाव के कारण घर-घर सर्दी जुखाम का असर भी है। लोगों को गर्म कपड़ों के साथ आग का सहारा भी लेना पड़ रहा है।

पल-पल बदलते मौसम के पूर्वानुमान के हिसाब से सूत्रों ने बताया कि मंगलवार को दिन में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तो रात में पारा 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बुधवार को भी मौसम का मिज़ाज इसी तरह का रह सकता है। रात में पारा 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

इसके अलावा बृहस्पतिवार को बूंदाबांदी के बाद एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। शुक्रवार को एक बार फिर पारा ईकाई के अंक पर जा सकता है। सूत्रों ने कहा कि इस माह के अंत तक मौसम का मिज़ाज इसी तरह बदलता रह सकता है।