नशाखोरों ने कर दी किरायेदार की पिटाई

 

 

(अपराध ब्यूरो)

सिवनी (साई)। मारपीट में घायल हुए एक युवक को उपचार के लिये जिला चिकित्सालय में दाखिल करवाया गया है।

पुलिस सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि डूण्डा सिवनी क्षेत्र अंतर्गत राजपूत कॉलोनी में दौलत राम (30) पिता मस्तराम साहू किराया का मकान लेकर रहते हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बीती रात मकान मालिक का लड़का अपने कुछ अन्य साथियों के साथ शराब के नशे में धुत्त होकर, वहाँ शोर शराबा कर रहा था।

बताया जाता है कि मकान मालिक के शराबखोर लड़के और उसके साथियों के द्वारा मचाये जाये रहे इस शोर पर जब उसके किरायेदार दौलत राम ने आपत्ति व्यक्त की तो नशे में धुत्त इन लड़कों ने काँच की बोतल से दौलत राम पर हमला कर दिया। इस घटना में घायल हुए दौलत राम का उपचार जिला चिकित्सालय में किया जा रहा है।