हाथियों को छेड़ा : मची भगदड़, 03 घायल

 

गणेशगंज से लखनादौन की ओर किया हाथियों ने रूख

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। अपने समूह से भटके हाथियों ने गणेशगंज से लखनादौन की ओर रूख कर लिया है। हाथियों को आता देख खेत में काम कर रहे लोगों ने शोर मचाया, इन्हें पत्थर मारे, जिससे हाथी विचलित हुए और उन्होंने किसानों की ओर रूख कर दिया, जिसके चलते तीन लोग घायल हो गये हैं।

उत्तर वन मण्डल के उच्च पदस्थ सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि शुक्रवार को हाथी, गणेशगंज के आसपस देखे गये थे। वन अधिकारियों को उम्मीद थी कि ये जंगल के रास्ते कहानी या घंसौर की ओर रूख करेंगे, किन्तु ये रास्ता भटक गये और इन हाथियों ने लखनादौन की ओर आगे बढ़ना आरंभ कर दिया।

सूत्रों ने बताया कि इन हाथियों की लोकेशन लखनादौन के आरएफ 01 की बीट नंबर 84 में देखी गयी है। इसके अलावा यह भी बताया कि इस तरह की जानकारी भी मिली है कि हाथी जब छपारा और लखनादौन की सीमा पर पहुँचे तब इन हाथियों को कुछ लोगों के द्वारा छेड़ जाने के चलते हाथी पलटे और तीन लोग घायल हो गये।

सूत्रों की मानें तो शनिवार की दोपहर हाथियों को गुंगवारा गाँव के पास देखा गया। वहाँ खेतों में काम कर रहे लोगों ने इन्हें देखा और इन्हें भगाने की गरज से उन लोगों ने शोर मचाना आरंभ कर दिया। इसी बीच किसी के द्वारा इन हाथियों पर पत्थर भी फेंके गये, जिससे हाथी पलटे और वहाँ भगदड़ मच गयी।

सूत्रों ने बताया कि इस भगदड़ में तीन लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है, पर घायलों को हाथियों कि द्वारा किसी तरह का नुकसान नहीं पहुँचाया गया है। हाथियों के पलटते ही दहशत में आये ग्रामीणों ने वहाँ से भागना आरंभ कर दिया और इसी आपाधापी में 03 ग्रामीण घायल हो गये। इनमें से एक घायल को जबलपुर रेफर भी किया गया है।

सूत्रों ने यह भी कहा कि सिवनी में वन अमले के द्वारा हाथियों की गतिविधियों पर बारीक नज़र रखने की बात कही जा रही थी किन्तु जिस रास्ते से हाथी शनिवार को आगे बढ़े उन रास्तों पर ग्रामीणों को वन विभाग के द्वारा सचेत नहीं किये जाने के कारण इस तरह की स्थिति निर्मित हुई है।

ये हाथी चूँकि पहले धूमा के रास्ते नरसिंहपुर की ओर आगे बढ़े थे, इसलिये सूत्रों ने यह संभावना भी व्यक्त की है कि हो सकता है कि ये हाथी लखनादौन से धूमा पहुँचने के बाद अपनी पुरानी राह पकड़ लें। अगर ये एक बार फिर नरसिंहपुर की ओर रूख करते हैं तो 19 फरवरी की बैठक के बाद ही इस संबंध में फैसला लिया जायेगा।