फसल की बीमा राशि के लिये भटक रहे किसान

 

 

(ब्यूरो कार्यालय)

भोमा (साई)। जनपद पंचायत सिवनी के अंगर्तत आने वाले भोमा सर्किल के चार गाँव के किसान फसल का बीमा कराये जाने के बावजूद बर्बाद हुई फसल के हर्जाने के लिये बैंक से लेकर जिले के जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं।

इसके बाद भी न तो जिम्मेदार अधिकारी और न ही बीमा कंपनी किसानों को राहत देने की ओर ध्यान दे रही है। इससे किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

आंदोलन पर दिया था आश्वासन : लगातार चक्कर काटने के बाद भी बर्बाद फसल का मुआवजा नहीं मिलने से आक्रोशित किसानों ने बीमा कंपनी व प्रशासन के खिलाफ आंदोलन किया था। इससे सकते में आये प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों को जल्द से जल्द बीमा कंपनी से हर्जाने की राशि दिलाये जाने का आश्वासन दिया था।

आश्वासन के बाद अब तक बीमा कंपनी से किसानों को क्षतिग्रस्त फसलों की राशि नहीं मिल सकी है। किसानों ने संबंधित बैंक के खिलाफ कान्हीवाड़ा थाने में भी लिखित रुप से शिकायत की थी। शिकायत पर पुलिस ने भी कोई ध्यान नहीं दिया। किसानों ने जन सुनवायी में अपर कलेक्टर रानी बाटड़ को लिखित शिकायत देकर बीमा राशि दिलाये जाने की गुहार लगायी है।

ओलावृष्टि में किसानों की तबाह हो गयी थीं फसलें : थांवरी के सरपंच नरेंद्र सिंह अमरोदिया, जिले सिंह, कृष्ण कुमार, भोजे इनवाती, राम सिंह ठाकुर, सोहन लाल, कैलाश, लक्ष्मण उईके, कृष्ण कुमार, शिव दयाल, सुनील कुमार, कैलाश ठाकुर, सुखदेव, विजय, सुनील ठाकुर, यूसुफ, श्याम सिंह सहित 50 से अधिक किसानों ने अपर कलेक्टर रानी बाटड़ को एक शिकायत दी है।

इस शिकायत में किसानों ने बताया कि वर्ष 2017 – 2018 को थांवरी पंचायत के अंतर्गत आने वाले चार गाँवों थांवरी, भाटा, रड़हाई व टेकरारांजी में ओलावृष्टि से 100 से अधिक किसानों की फसले पूरी तरह से बर्बाद हो गयी थीं। राजस्व विभाग द्वारा फसलों का सर्वे कराया गया था एवं शत – प्रतिशत फसल की नुकसानी का आंकलन किया गया था।

इसका मुआवजा किसानों को मिल गया था, लेकिन बैकों के माध्यम से किसानों द्वारा फसलों का बीमा कराया गया था उसकी राशि किसानों को नहीं दी गयी है। भोमा सर्किल के अंतर्गत आने वाले अनेक ग्रामों के किसानों को बीमा की राशि मिल गयी है, लेकिन उनके हल्का में आने वाले चार ग्रामों के किसानों को बीमा राशि से वंचित कर दिया गया है। इसके कारण किसान अपने आपको ठगा महसूस कर रहा है, जिससे किसानों में आक्रोश बढ़ रहा है।

 

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.