कोरोनकाल में देह त्यागने वाले 25 लोगों के लिए मुनमुन करेंगे 06 को तर्पण

इससे पहले 25 लोगों की अस्थि संचय किया जाकर अस्थियों का किया था श्रृद्धापूर्वक विसर्जन


(अखिलेश दुबे)


सिवनी (साई)। कोरोनाकाल में जिन लोगों के द्वारा देह त्यागी गई है उनकी अस्थियों का संचय कर विधि विधान से श्रृद्धा पूर्वक अस्थि विसर्जन करने के बाद अब पितृमोक्ष अमावस्या पर सिवनी के विधायक दिनेश राय के द्वारा पुण्य सलिला बैनगंगा के तट पर उनका तर्पण किया जाएगा।


सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन आगामी 06 अक्टूबर को उन 25 अज्ञात व्यक्तियों का तर्पण करेंगे जिनकी कोरोनाकाल में अस्थियाँ संचय कर विसर्जन उनके द्वारा किया गया था। उल्लेखनीय है कि पिछले माहों में कोविड 19 की भीषण त्रासदी के दौरान बहुत लोगो को अपनी जान गंवाना पड़ी वहीं दूसरी ओर इस भयानक महामारी से लोग डरे हुये भी थे और भी अनेक ऐसे कारण थे जिसके कारण कोरोना काल में अनेक काल कलवित व्यक्तियों की दुखद मृत्यु के उपरांत प्रशासन की उपस्थिति में सुरक्षात्मक तरीके से अंतिम संस्कार कर दिया गया था परंतु अनेक व्यक्तियों की अस्थियाँ शमशान घाट से उनके परिजनों के द्वारा उठाई नहीं गयी थी।


सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने उस वक्त की परिस्थितियों को देखते हुये शमशान से 25 मृत व्यक्तियों की अस्थियाँ संचय कर सनातन धर्म के प्रचलित विधि विधान से बैनगंगा तट पर विर्सजित की थी। सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन श्राद्ध पक्ष के अंतिम दिन पितृ मोक्ष अमावस्या पर 06 अक्टूबर को समस्त उन 25 अज्ञात मृत व्यक्तियों की आत्म शांति के लिये बैनगंगा नदी के लखनवाड़ा घाट में तर्पण एवं श्राद्ध कर्म वैदिक रीति के अनुसार 11 ब्राह्मणों के द्वारा करेंगे।


दी गयी जानकारी के अनुसार प्रातः 8 बजे सामूहिक गीता पाठ, पितृ तर्पण, एवं गंगा आरती के साथ समस्त मृत आत्माओं के मोक्ष के लिये माता गंगा से स्तुति की जायेगी। आज्ञत आत्माओं की शांति के लिये किये जा रहे इस श्रद्धा के कार्यक्रम में भाजपा मंडल सिवनी नगर दक्षिण के अध्यक्ष अभिषेक दुबे, उत्तर मंडल के अध्यक्ष संजय सोनी एवं सिवनी ग्रामीण के अध्यक्ष नितेन्द्र बघेल ने समस्त आमजनों से उपस्थिती की अपील करते हुये बताया कि कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक दुबे भाजपा के जनप्रतिनिधि एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस आयोजन में वे सभी आमजन भी शामिल हो सकते है जिन्हें अपने परिजनों का तर्पण करना है।