गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीय को 26 अप्रैल को खुलेंगे

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट आगामी 26 अप्रैल को अक्षय तृतीय के पावन पर्व पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।

तय कार्यक्रमानुसार गंगोत्री धाम के कपाट दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर खोले जाएंगे। वहीं, यमुनोत्री धाम के कपाट भी इसी दिन खोले जाएंगे। इसके बाद आगामी छह माह के लिए देश विदेश से आने वाले श्रद्धालु गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में ही मां गंगा और यमुना के दर्शन के भागी बन सकेंगे।

चौत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर गंगोत्री तीर्थ पुरोहितों की ओर से गंगोत्री धाम के कपाट उद्घाटन का शुभ मुहूर्त निकाला गया। मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेश सेमवाल ने बताया कि 25 अप्रैल को दोपहर 12ः30 पर मां गंगा की उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव से गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी, जो रात्रि विश्राम भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर में करेगी। अगले दिन 26 अप्रैल रविवार की सुबह 8 बजे मां गंगा की डोली गंगोत्री धाम पहुंचेगी। जहां अक्षय तृतीय के पावन पर्व पर विधि विधान के साथ गंगा पूजन, गंगा सहस्त्रनाम पाठ एवं विशेष पूजा अर्चना के बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ रोहिणी अमृत योग की शुभ बेला पर दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जायेंगे।

वहीं, यमुनोत्री धाम के कपाट भी अक्षय तृतीय पर ही खुलेंगे। यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव कृतेश्वर उनियाल ने बताया कि यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने का मुहूर्त यमुना जयंती पर निकाला जाएगा। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलते ही प्रदेश की चारधाम यात्रा भी विधिवत शुरू हो जाएगी।

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.