एंबुलेंस में लिया कन्या ने जन्म

 

 

(अपराध ब्यूरो)

सिवनी (साई)। गर्भवती महिला को लेकर जबलपुर जा रही एक एंबुलेंस को रास्ते में ही तब रूकना पड़ा जब महिला ने सफर के दौरान ही एक कन्या को जन्म दे दिया।

बण्डोल थाना के अंतर्गत आने वाले ग्राम रनबेली जाम निवासी संतोषी (25) पति शिव कुमार चौधरी को जिला चिकित्सालय के मेटेरनिटी वार्ड में दाखिल करवाया गया था। चिकित्सक ने महिला की गंभीर अवस्था को देखते हुए उसे जबलपुर रेफर कर दिया।

बताया जाता है कि गर्भवती महिला को जब 108 एंबुलेंस से जबलपुर ले जाया जा रहा था तभी लखनादौन के आगे चौथा मील के समीप महिला को प्रसव पीड़ा आरंभ हो गयी। ऐसी स्थिति में 108 के ईएमटी राम प्रसाद बिसेन ने वाहन के पायलट जितेन्द्र चौहान को तत्काल रूकने के लिये कहा। इसके बाद श्री बिसेन ने, महिला का कुशलता पूर्वक प्रसव करवा दिया जिससे एक कन्या ने जन्म लिया। प्रसव के बाद महिला को लखनादौन स्थित स्वास्थ्य केन्द्र में दाखिल करवा दिया गया।