थमी बारिश, उमस ने किया हलाकान

 

 

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। सिवनी में तीन चार दिन बरसने के बाद अब मॉनसून की रफ्तार कमजोर पड़ती दिख रही है। मंगलवार 09 जुलाई को आसमान पर बादल छाये रहे पर बारिश न होने के कारण उमस ने लोगों को जमकर हलाकान किया।

मंगलवार को सुबह से बादल छाये हुए थे। दस बजे के आसपास बादलों की ओट से भगवान भास्कर प्रकट हुए और उसके बाद उमस ने लोगों को हलाकान कर दिया। मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि मॉनसून ने अब उत्तर प्रदेश की ओर रूख कर लिया है।

सूत्रों की मानें तो वर्तमान में बारिश का सिस्टम लगभग समाप्त होता दिख रहा है। मौसम विभाग के द्वारा मध्य प्रदेश के पश्चिम हिस्से में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी थी, किन्तु अब यह चेतावनी भी हटा ली गयी है।

मौसम के पूर्वानुमान के हिसाब से सूत्रों ने आगे बताया कि आने वाले चार पाँच दिनों में हल्की फुल्की बंूदाबांदी के योग बनते दिख रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि अगर कोई सिस्टम नहीं बना तो यह स्थिति एक पखवाड़े तक बनी रह सकती है। वैसे 24 जुलाई के बाद झमाझम बारिश के संकेत सूत्रों ने दिये हैं।

सूत्रों ने बताया कि इस दौरान मौसम में नमी पर्याप्त मात्रा में बनी दिख रही है। साथ ही दिन में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तो रात में 22 से 25 डिग्री सेल्यिस के बीच रहने की उम्मीद है। लोगों ने शुरूआत में हुई बारिश को देखते हुए कूलर को हटा लिया था, अब वे एक बार फिर कूलर को सजाते नज़र आ रहे हैं।

उत्तर प्रदेश पहुँचा मॉनसून : गौरतलब है कि बंगाल की खाड़ी से आये सिस्टम के उत्तर प्रदेश की ओर रुख करने से तेज बारिश की संभावना नहीं है। सूत्रों ने बताया कि आने वाले दिनों में अगर कोई सशक्त सिस्टम बनता है तभी झमाझम बारिश की उम्मीद की जा सकती है।