मनोयोग से जुटें निकाय चुनावों के लिये : दिनेश राय

 

 

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। आने वाले नगर पालिका चुनावों के लिये हमें पूरे समर्पण और सक्रियता से जुटना है। हर घर और प्रत्येक नागरिक तक एक सघन और निरंतर जन संपर्क अभियान चलाना है। आप सभी कार्यकर्त्ताओं की सक्रियता और परिश्रम से हमें पुनः जनसेवा का जनादेश मिलेगा।

इस आशय की बात भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम तिवारी ने शुक्रवार को नगर पालिका चुनाव अभियान का विधिवत शुभारंभ करते हुए नगर के आज़ाद वार्ड, संजय वार्ड एवं विवेकानंद वार्ड में कार्यकर्त्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कही।

इन बैठकों में सिवनी विधायक दिनेश राय द्वारा सभी कार्यकर्त्ताओं से पूरे मनोयोग से जुटने का आव्हान करते हुए कहा गया कि, आने वाले चुनाव चुनौतीपूर्ण होंगे हमें विरोधियों की रणनीति और षड्यंत्रों से सजग रहना है तथा लोगों तक अपनी बात पहुँचानी है। भाजपा एक अनुशासित संगठन है, किसी एक कार्यकर्त्ता को वार्ड पार्षद चुनाव लड़ने का अवसर मिलता है और सभी कार्यकर्त्ता उसको विजयी बनाने के लिये जुटते हैं। भाजपा का प्रत्याशी कौन होगा, यह भी आप सबके सर्वसम्मत निर्णय से ही तय होगा अतः प्रत्याशी कोई भी हो कार्यकर्त्ताओं का लक्ष्य भाजपा की विजय है।

श्री राय ने इन बैठकों में पार्षदों और पालिका द्वारा वार्ड में किये गये कार्यों की जानकारी ली तथा कहा कि यदि कोई कार्य अधूरा है और उसमें एक विधायक के नाते में किसी भी तरह का सहयोग करता सकता हूँ तो आप बतायें, मैं तत्काल इसके लिये कदम उठाउंगा।

इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक नरेश दिवाकर ने कहा कि कार्यकर्त्ता आज से ही चुनावी मैदान में इन बैठकों को भाजपा का चुनावी शंखनाद मानते हुए जन संपर्क में जुट जायें। यहाँ की जनता का विश्वास और आशीर्वाद भाजपा के साथ है। प्रदेश सरकार ने हार के भय से चुनाव टाले और अब प्रशासन के सहयोग से चुनाव जीतने की कोशिश होगी लेकिन, जनता का भाजपा के प्रति अटूट विश्वास हमारी विजय का मार्ग प्रशस्त करेगा।

भाजपा मीडिया प्रभारी श्रीकांत अग्रवाल ने बताया कि इन बैठकों में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति मीना बिसेन द्वारा कहा गया कि इन चुनावों में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। महिलाओं का मतदान निर्णायक होगा। महिला सशक्तिकरण के लिये हमारे पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महिला आरक्षण को 33 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत किया है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना, शौचालय निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से देश की महिलाओं में एक नये आत्मविश्वास का संचालन किया है। हमारे संगठन में महिला मोर्चे की महत्वपूर्ण भूमिका है अतः समूची महिला कार्यकर्त्ताओं से चुनावी कार्य में सक्रियता से जुटने की बात उनके द्वारा कही गयी।

इस अवसर पर बैठकों के आयोजक नगर अध्यक्ष नरेंद्र गुड्डू ठाकुर द्वारा भी अपनी बात रखते हुए कहा गया कि बैठकों का यह दौर निरंतर चलेगा तथा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का हमें मार्गदर्शन और सक्रिय सहयोग भी मिलेगा। हमें भाजपा की जीत का संकल्प लेना है।