होली तक रहेगी हल्की ठण्ड

 

 

उत्तरी हवाओं ने फिर कंपकंपाया

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। मौसम में ये महीना बदलाव वाला है। ऐसे में कभी ठण्ड तो कभी गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग भी पक्का अनुमान नहीं लगा पा रहा है। शनिवार सुबह ठण्डी हवाओं के बीच हल्की गर्माहट महसूस हुई।

हालांकि शुक्रवार शनिवार की दरमियानी रात को पंखों के बिना ही लोग सोये। ठण्ड का एहसास पूरी रात होता रहा। होली तक मौसम में ठण्डक बनी रहेगी, ऐसा अनुमान जताया जा रहा है। उत्तरी हवा की धीमी रफ्तार और शहर से बादलों के हटते ही शुक्रवार को दिन का तापमान 02 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया। हालांकि तामपान सामान्य से कम होने के कारण ज्यादा गर्मी का अहसास नहीं हुआ। मौसम विज्ञानियों के अनुसार रविवार से दिन और रात दोनों ही समय तापमान में बढ़ौत्तरी हो सकती है।

ब्रहस्पतिवार को दिन में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस था जो शुक्रवार को बढ़कर 32 डिग्री सेल्सियस हो गया। शनिवार को दिन में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह रात के तापमान में भी इजाफा दर्ज किया जा रहा है। बुधवार और ब्रहस्पतिवार की रात न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस, गुरूवार और शुक्रवार की दरमियानी रात में 13.4 डिग्री सेल्सियस तो शुक्रवार एवं शनिवार की दरमियानी रात 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आने वाले दिनो में दिन का अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस तो रात का न्यूनतम तापमान 17 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।