तीन दिनों से रात में पारा ईकाई पर!

 

अलाव के अभाव में कंपकंपा रहे जरूरतमंद

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। उत्तर से आने वाली बर्फीली हवाओं से पूरा जिला कांप उठा है। लगातार गिरते पारे के कारण जहाँ एक ओर जनजीवन प्रभावित है वहीं फसलों पर भी तुषार व पाले का खतरा मण्डरा रहा है। खेतों व मैदानी इलाकों में रात के समय तापमान 05 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच रहा है। पारे के लुढ़कने से गेहूँ, चना, मटर, अलसी सहित टमाटर, बैंगन, गोभी व अन्य सब्जियों को नुकसान हो रहा है।

ज्ञातव्य है कि बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरमियानी रात में अधिकतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को दिन में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

इसी तरह शुक्रवार एवं शनिवार की दरमियानी रात में पारा एक बार फिर गिरा जब अधिकतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को दिन में अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

शनिवार एवं रविवार की दरमियानी रात को अधिकतम तापमान एक बार फिर नीचे उतर गया। यह 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को दिन में अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के सूत्रों ने पल-पल बदलते मौसम के पूर्वानुमान के हिसाब से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि सोमवार को दिन व रात में अधिकतम तापमान में एक या दो डिग्री की बढ़ौत्तरी हो सकती है। आने वाले दिनों में पारे में कुछ उछाल दर्ज किया जा सकता है, किन्तु यह उछाल बहुत ज्यादा रहने की उम्मीद नहीं है।

सूत्रों ने आगे बताया कि अगर हवाओं की दिशा नहीं बदली तो उत्तर भारत से आने वाली गलन भरी हवाएं कहर बरपाती रहेंगी। इस सीजन में फिलहाल पारा सबसे कम स्तर पर चल रहा है। सुबह और शाम को चलने वाली गलन भरी हवाओं से सड़कें सूनी ही नज़र आने लगी हैं।