कल से गोता लगा सकता है पारा!

 

आज भी छाये रहेंगे बादल, बदल रहा मौसम

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। मौसम का मिज़ाज बदलने वाला है। बुधवार से पारा गोता लगा सकता है। आने वाले दिनों में तापमान ईकाई पर भी आ सकता है।

मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि ऐसी स्थिति अरब सागर में एक साथ अलग – अलग स्थानों पर बने दो कम दबाव के क्षेत्र के कारण बनी है। इसके प्रभाव से दक्षिण पश्चिमी मध्य प्रदेश में बूंदाबांदी भी हो सकती है। सूत्रों ने बताया कि दक्षिण पूर्व अरब सागर और पूर्वी पश्चिम अरब सागर में कम दबाव के क्षेत्र बने हुए हैं। इन सिस्टम के कारण प्रदेश में बड़े पैमाने पर नमी आने का सिलसिला जारी है। इससे प्रदेश के दक्षिण – पश्चिम इलाके में बादल छा गये हैं।

सूत्रों ने बताया कि साथ ही हल्की बौछारें पड़ने की संभावना बन गयी है। अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र मंगलवार तक शक्तिशाली गहरे कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने के आसार हैं। इस वजह से 05 दिसंबर तक प्रदेश में बादलों की मौजूदगी के साथ हल्की बरसात का दौर जारी रह सकता है। साथ ही कहीं – कहीं ओला वृष्टि भी हो सकती है।

सूत्रों ने यह भी बताया कि लगातार बादल बने रहने के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज होने लगी है, लेकिन रात के तापमान में विशेष गिरावट होने की संभावना कम है। हालांकि इस दौरान बरसात होने से ठण्ड में बढ़ौत्तरी होगी।

पल-पल बदलते मौसम के पूर्वानुमान के हिसाब से सूत्रों ने बताया कि सोमवार को दिन में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तो रात में पारा 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इसके बाद दो दिनों तक दिन में पारा 26 से 27 डिग्री सेल्सियस तो रात में 11 से 12 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

सूत्रों ने आगे बताया कि बृहस्पतिवार को दिन में पारा एक डिग्री सेल्सियस उतर सकता है। वहीं रात का तापमान ईकाई पर अर्थात 08 से 09 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इसके बाद जैसे ही इसका प्रभाव खत्म होगा वैसे ही 11 दिसंबर के बाद एक बार फिर पारे में उछाल दर्ज किया जा सकता है।

मध्य प्रदेश में कम पड़ेगी ठण्ड : वहीं, मौसम विभाग ने कहा है कि इस बार दिसंबर से फरवरी के बीच में ज्यादातर स्थानों पर औसत न्यूनतम तापमान में थोड़ा-सा अंतर रहेगा। इस बार न्यूनतम तापमान में लगभग एक डिग्री की बढ़ौत्तरी का अनुमान है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का पूर्वानुमान देने वाला सिस्टम संकेत दे रहा है कि प्रदेश में दिसंबर से फरवरी के बीच शीत ऋतु का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक गर्म रहने की संभावना है। प्रदेश में शीत ऋतु के दौरान इस बार कोर कोल्ड वेव जोन होने के बावजूद न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।