अब दिसंबर तक हो पायेगा ब्रॉडगेज़ का काम पूरा!

 

सिवनी शहर में अगले साल ही सुनायी दे सकेगी ब्रॉडगेज़ की सीटी!

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। बालाघाट सांसद डॉ.ढाल सिंह बिसेन के प्रयासों से सिवनी जिले में अमान परिवर्तन के काम में तेजी तो आयी है, पर यह काम अब जून माह तक शायद ही पूरा हो पाये। छिंदवाड़ा से मण्डला फोर्ट तक के अमान परिवर्तन के लिये रेल मंत्रालय ने बजट और समय सीमा दोनों को बढ़ाने की अनुमति दे दी है।

भारतीय रेलवे के इंफ्रास्ट्रक्चर एण्ड प्रोजेक्ट मॉनीटरिंग डिविजन की बेब साईट में दी गयी जानकारी को अगर सही माना जाये तो छिंदवाड़ा से सिवनी, नैनपुर होकर मण्डला फोर्ट तक के अमान परिवर्तन के काम की समय सीमा और बजट दोनों बढ़ा दिया गया है।

इस वेबसाईट में दी गयी जानकारी के अनुसार ंिछंदवाड़ा से मण्डला फोर्ट तक के अमान परिवर्तन के काम के लिये वित्तीय वर्ष 2017 – 2018 में ठेकेदार के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया गया था। इसके तहत यह काम फरवरी 2019 में पूरा कर लिया जाना चाहिये था, पर अब इसकी मियाद दिसंबर 2020 तक के लिये बढ़ा दी गयी है। इस लिहाज़ से इस काम को पूरा करने के बाद तकनीकि, सुरक्षा एवं सतर्कता परीक्षण के उपरांत वर्ष 2021 में ही यहाँ रेलगाड़ी चलने की उम्मीद है।

वेबसाईट के अनुसार इसके लिये कुल 150 करोड़ रूपये के बजट की आवश्यकता थी, जो शायद आवंटित भी हो चुका था। अब इस डेढ़ सौ करोड़ की राशि को बढ़ाकर (रिवाईज्ड किया जाकर) 390 करोड़ 25 लाख कर दिया गया है। इस परियोजना को वर्ष 2010 में एप्रूव किया गया था, उस समय इसकी लागत 585 करोड़ 93 लाख रूपये थी।

बताया जाता है कि इस परियोजना के तहत 16 में से 12 बड़े पुलों का निर्माण पूर्णता की ओर हैं। इसके अलावा 209 छोटी पुल पुलियाओं में से 164 को पूर्ण कर लिया गया है। यह जानकारी नवंबर 2018 की स्थिति में अद्यतन की गयी है।

यहाँ यह उल्लेखनीय होगा कि 2010 में स्वीकृत की गयी अमान परिवर्ततन की परियोजना को बालाघाट के तत्कालीन संसद सदस्य के.डी. देशमुख व बोध सिंह भगत के अलावा मण्डला के सांसद बसोरी सिंह मसराम एवं फग्गन सिंह कुलस्ते के द्वारा लंबे समय तक आरंभ ही नहीं करवाया जा सका था। डॉ.ढाल सिंह बिसेन के सांसद बनने के बाद इस काम को गति मिली है इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है।