यहाँ नहीं हुई धान खरीद आरंभ : किसान हो रहे परेशान

 

 

(ब्यूरो कार्यालय)

भोमा (साई)। भोमा क्षेत्र के किसानों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। खेत में गेहूँ की फसल लगाने वाले किसान यूरिया नहीं मिलने से परेशानी का सामना कर रहे हैं। इस बीच कठिन परिश्रम के बाद खेत से धान की फसल काटकर अब उसे बेचने को लेकर किसान परेशान हैं।

किसानों की मानें तो भोमा में धान खरीदी के लिये दो केन्द्र बने हैं। पहला भोमा और दूसरा करकोटी है। दोनों केन्द्र पर मंगलवार तक खरीदी आरंभ नहीं हो पायी है। दोनों केन्द्र दर्जनों की संख्या में किसान धान लेकर पहुँच गये हैं। अब मौसम भी खराब हो गया है। ऐसे में किसानों की चिंता बढ़ गयी है।

केन्द्र पर अब तक धान खरीदी नहीं हो रही है। इसकी जानकारी जिम्मेदारों को नहीं है। किसान संतोष चंद्रवंशी, शमीम खान, इक्की साहू, अकरम अंसारी आदि ने बताया कि धान केन्द्र पर लाने के बाद उसे खराब मौसम से बचाने और रात में सुरक्षा के लिये रतजगा करना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी प्रबंधक नहीं सुन रहा है।

उधर, इस संबंध में प्रबंधक आशीष शर्मा ने बताया कि बुधवार से खरीदी आरंभ की जायेगी। नान डीएम एल.के. झारिया ने बताया कि इसकी जानकारी नहीं है। पता किया जायेगा कि अब तक खरीदी क्यों नहीं आरंभ हुई है।