पीठ में छुरा घोंपा प्रमोद ने

 

मारपीट की 03 घटनाएं

(अपराध ब्यूरो)

सिवनी (साई)। विसर्जन यात्रा के दौरान नाचते गाते मामूली धक्का लग जाने के कारण एक युवक ने दूसरे की पीठ में छुरा से प्रहार करते हुए उसे घायल कर दिया।

पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार सिवनी के शास्त्री वार्ड निवासी निशांत (25) पिता पन्ना लाल कुशवाहा बीती रात जब देवी प्रतिमा के विसर्जन के लिये जा रहे थे तभी गीतों की धुन पर थिरकते समय उनसे हल्की धक्का मुक्की प्रमोद शुक्ला के साथ हो गयी। बताया जाता है कि इसी बात पर आक्रोशित होकर प्रमोद ने निशांत की पीठ पर छुरा से प्रहार करते हुए उन्हें घायल कर दिया। घायल को जिला चिकित्सालय में दाखिल करवा दिया गया है। इस घटना की रिपोर्ट भी पुलिस में दर्ज करवा दी गयी है।

इसी तरह सिवनी के सीवी रमन वार्ड निवासी सौरभ (18) पिता नीलेश नाविक और जतिन (14) पिता अजय कश्यप के बीच दशहरा की रात हुई मारपीट में वे घायल हो गये। दोनों घायलों को उपचार के लिये जिला चिकित्सालय पहुँचा दिया गया।

एक अन्य घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस सूत्रों ने बताया कि लखनवाड़ा थाना के अंतर्गत आने वाले ग्राम बम्होड़ी निवासी सुंदर बाई (40) और पवन सनोडिया के बीच पुराने विवाद को लेकर मारपीट हो गयी जिसमें वे दोनों घायल हो गये। मारपीट की इसी घटना मेें पवन के परिवार की सदस्य सुदामा (50) पति घनश्याम सनोडिया के भी घायल होने की सूचना दी गयी है। दोनों पक्षों के द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी गयी है।