गांधी चौक पर हो सार्वजनिक नल!

 

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। शहर के हृदय स्थल गांधी चौक पर सार्वजनिक नल या प्याऊ की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इस इलाके में एक भी सार्वजनिक नल नही है, जहाँ लोग दिन भर पानी पी सकें।

क्षेत्र के नागरिकों ने बताया कि नगर पालिका का ध्यान इस ओर कई बार आकृष्ट भी करवाया जा चुका है लेकिन शायद नगर पालिका प्रशासन इस क्षेत्र में एक अदद सार्वजनिक नल की व्यवस्था करने में भी रूचि नहीं रखता है।

गौरतलब होगा कि वर्तमान में सिवनी में भाजपा शासित नगर पालिका है और शुक्रवारी का गांधी चौक भी एक प्रकार से भाजपाई क्षेत्र ही कहा जाता है उसके बाद भी इस स्थान पर सार्वजनिक नल का न होना किसी आश्चर्य से कम नहीं है। यहाँ पर नल के जो कनेक्शन दिये भी गये हैं उनमें से अधिकाश में तो मोटर लगाने के बाद भी पानी नहीं आता है।

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यहाँ रोजाना ही मजदूर वर्ग प्रातःकाल आकर अपनी उपस्थिति देता है। नगर पालिका के द्वारा इस बात की ओर ध्यान नहीं दिया जाता है कि गांधी चौक आने वाले मजदूरों के कण्ठ यदि प्यासे होते होंगे तो वे आखिर कहाँ से शीतल जल प्राप्त करके अपनी प्यास को बुझाते होंगे। दुकान पर जाकर बोतल बंद पानी या पानी का पाउच खरीदना (जिसके पानी की शुद्धता की कोई गारंटी भी नहीं होती है) हर मजदूर उपर्युक्त नहीं समझता है।

वास्तव में देखा जाये तो नगर पालिका के द्वारा मानवता के नाते भी कुछ कार्य विशेष करवाये जाने चाहिये। सिर्फ और सिर्फ निर्माण कार्यों की ओर ध्यान देकर कमीशन बाजी के खेल में उलझे रहना शहर वासी कतई पसंद नहीं कर रहे हैं। आवश्यकता इस बात की है कि नगर पालिका के द्वारा शुक्रवारी स्थित गांधी चौक में कम से कम एक सार्वजनिक नल की व्यवस्था अवश्य की जाये।