हवा की रफ्तार कम होने से मिली राहत

 

आने वाले दिनों में फिर हो सकती है बूंदाबांदी!

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। आसमान पर बादल छंटने के साथ ही सर्दी का प्रकोप बढ़ने की उम्मीद जतायी जा रही थी, किन्तु हवा की रफ्तार कम होने के कारण सर्दी के बढ़ते प्रभाव पर ब्रेक लगता दिख रहा है।

मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि बुधवार तक हवाओं की दिशा उत्तरी होने से हिमालय की ओर से आने वाली सर्द हवाओं ने सिवनी जिले को अपने आगोश में ले लिया था। बृहस्पतिवार को हवाओं की दिशा कुछ हद तक पूर्वी होने के कारण अब सर्दी का असर कम होता दिख रहा है।

सूत्रों ने बताया कि बृहस्पतिवार को सुबह भी कोहरे की चादर लपटी दिखी। अभी पश्चिमी विक्षोभ का असर कश्मीर में दिख रहा है। आने वाले दिनों में सिवनी सहित प्रदेश में बादल होने से शहर के तापमान में इज़ाफा होगा, 24 व 25 दिसंबर के बाद ठण्ड का असर दिखेगा।

सूत्रो ने आगे बताया कि शुक्रवार को हवाओं की दिशा दक्षिणी और दक्षिण पूर्वी होने की उम्मीद है। इसके बाद तापमान में इज़ाफा भी हो सकता है। इसके साथ ही 22 से 25 दिसंबर के बीच सिवनी में बूंदाबांदी के संकेत सूत्रों ने दिये हैं।

पल-पल बदलते मौसम के पूर्वानुमान के हिसाब से सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को दिन में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेलिसयस तो रात में यह 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके बाद शनिवार को दिन में तापमान इसी के आसपास रहेगा पर रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सूत्रों ने यह भी बताया कि 27 दिसंबर के बाद अचानक ही तापमान ईकाई पर पहुँच भी सकता है।