असहनीय गर्मी से आज मिल सकती है राहत

 

गुजरात की हवाएं कर सकती हैं तापमान कम

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। एक सप्ताह से अधिक समय से सिवनी के लोगों को भीषण गर्मी ने हलाकान कर रखा है। इस साल तापमान तो ज्यादातर 42 या 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक नहीं रहा पर गर्मी का अहसास असहनीय ही रहा। हालांकि बुधवार 05 जून और गुरूवार 06 जून को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर गया था लेकिन उसके बाद वह उस स्तर पर वापस नहीं लौटा है।

एक लंबे समय से अधिकतम तामपान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर ही चल रहा है। भीषण गर्मी ने शहर को हलाकान कर दिया है। अब लोग शहर के अंदर भी हरियाली लाने आतुर दिखने लगे हैं। लगभग सात दिन से अधिक समय से दिन में चलने वाली गर्म हवा, लपटों के मानिंद ही प्रतीत हो रही है। जानकार इसे लू चलने की संज्ञा भी दे रहे हैं। रात में भी तापमान के अधिक बने रहने के कारण रातें भी गर्मी का अहसास ही करा रही हैं।

भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के उच्च पदस्थ सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि वातावरण में नमी काफी कम होने और लगातार गर्म पश्चिमी हवाएं चलने के कारण राजधानी सहित पूरा प्रदेश भीषण गर्मी के दौर से गुजर रहा है। सूत्रों के अनुसार अरब सागर में उठे चक्रवाती तूफान वायु के गुरुवार सुबह गुजरात कोस्ट में पोरबंदर और महुआ के बीच में टकराने की संभावना है।

सूत्रों ने बताया कि इसके बाद यह तीव्र चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जायेगा। इसके प्रभाव से हवा का रुख बदलने और वातावरण में बड़े पैमाने पर नमी आने का अनुमान है। इससे प्रदेश के कई स्थानों पर तेज रफ्तार से हवाएं चलने के साथ बादल छा जायेंगे।

इधर, मौसम विभाग के सूत्रों ने इस बात के संकेत भी दिये हैं कि ब्रहस्पतिवार 13 जून को मौसम का मिजाज गर्म तो रह सकता है पर पारा दिन में 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। रात में तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद सूत्रों ने जतायी है।

मौसम के पूर्वानुमान के हिसाब से सूत्रों ने बताया कि ब्रहस्पतिवार को दिन भर बादल छाये रह सकते हैं। इसके अलावा सुबह 11 एवं दोपहर दो बजे के आसपास बादलों की गड़गड़ाहट भी सुनायी दे सकती है। सूत्रों ने बताया कि ब्रहस्पतिवार के बाद तापमान में गिरावट के संकेत भी मिल रहे हैं।

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.