आज से बंद हो जाएंगे पेंच के दरवाजे

 

 

ढाई माह बाद फिर होंगे वन्य जीवों के दीदार

(जाहिद शेख)

कुरई (साई)। पेंच टाइगर रिजर्व के गेट 30 जून के बाद साढ़े तीन माह के लिए बंद कर दिए जाएंगे। 15 अक्टूबर को पर्यटकों के लिए पार्क फिर से खोला जाएगा। मानसून गश्ती की पूरी तैयारियां हो चुकी हैं। इस बार बैठक लेकर सभी को आवश्यक दिशा निर्देश पार्क प्रबंधन ने दिए हैं।

एक जुलाई से मानसून गश्ती शुुरु हो जाएगी। इस बार गश्ती के नियमों में कोई फेरबदल नहीं हुआ है। पूर्व की तरह स्थितियां और गाइडलाइन होगी। पेंच के टुरिया, जमतरा और कर्माझिरी गेट पूरी तरह पर्यटकों के लिए बंद रहेंगे।

मानसून गश्त के लिए तैयार : मानसून गश्त के लिए सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। पार्क की हर बीट में तय संख्या में स्टॉफ अपने रूट चार्ट के अनुसार जाएगा। वह पार्क में हर गतिविधियों को नजर रखेगा। इसमें प्रमख रूप से उन क्षेत्रों का ध्यान रखा जाएगा जहां पर शिकारियों की आने की संभावना रहती है। जल स्रोतों के पास नजर रखी जाती है। साथ ही किसी भी संदिग्ध वस्तु पर भी ध्यान दिया जाता है।

इसीलिए रखा जाता है पार्क बंद : मानसून के समय में पशुओं का प्रजनन काल होता है। साथ ही रास्तों में पानी भरने और कीचड़ जैसी स्थिति को देखते हुए भी पर्यटकों का जाना मुमकिन नहीं होता। इसी को देखते हुए सभी नेशनल पार्कों के गेट बंद रहते हैं। इस दौरान वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कई सघन क्षेत्रों में मानसून के दौरान जंगली जानवरों को दिक्कत न हो। शिकारी जैसी बाधाएं उनके एकांतवास में खलल न डालें। इसके लिए सघन सर्चिंग के इंतजाम कर लिए गए हैं।