सीनियर महिला हॉकी कैंप में सिवनी की 02 खिलाड़ी

 

(खेल ब्यूरो)

सिवनी (साई)। बैंगलुरू में आयोजित होने वाले सीनियर महिला हॉकी कैंप में इस बार कम्पू स्थित मध्य प्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी ग्वालियर की खिलाड़ियों का दबदबा रहेगा।

25 अप्रैल से आयोजित इस कैंप में शामिल होने वाली 50 में से 16 खिलाड़ी प्रदेश की हैं। पिछले साल तक यह संख्या 11 थी। यह कैंप अगले चार साल में होने वाले ओलंपिक, महिला विश्वकप हॉकी, एशिया चैम्पियनशीप सहित होने वाली कई अंर्तराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी को ध्यान में रखकर आयोजित किया जा रहा है। इस 15 दिवसीय कैंप से ही आने वाली प्रतियोगिताओं के लिये टीम का चयन किया जायेगा। प्रदेश की 16 सदस्यीय महिला खिलाड़ियों में जिले की प्रियंका वानखेड़े एवं श्यामा तिड़गम शामिल हैं।

प्रियंका वानखेड़े वर्तमान में रेल विभाग जालंधर में सीनियर क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं एवं नॉर्दन रेल्वे पंजाब की टीम की ओर से हॉकी खेलतीं हैं। टीम की ओर से खेलते हुए उन्होंने इंडिया को वर्ल्ड यूथ हॉकी प्रतियोगिता हॉलैण्ड में गोल्ड मेडल प्राप्त किया था। इसी तरह न्यूजीलैण्ड में हुई टेस्ट सीरीज में वे शामिल हुईं।

प्रियंका वानखेड़े को वर्ष 2014 में मध्य प्रदेश शासन द्वारा एकलव्य एवार्ड से सम्मानित भी किया जा चुका है। जिला कलेक्टर प्रवीण सिंह द्वारा लोकसभा निर्वाचन हेतु प्रियंका वानखेड़े को मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत स्वीप आईकॉन भी बनाया गया है।

वहीं श्यामा तिड़गम जो एन.सी.आर. रेल्वे इलाहबाद में टिकिट कलेक्टर के पद पर कार्यरत हैं, उन्होंने भी इंडिया को वर्ल्ड यूथ हॉकी प्रतियोगिता हॉलैण्ड में गोल्ड मेडल दिलाया था। श्यामा 12वें साउथ एशियन गेम्स में भी शामिल र्हुइं हैं।

इस तरह उपरोक्त दोनों महिला हॉकी खिलाड़ियों ने जिले का नाम देश – विदेश में रोशन किया है। उक्त दोनों खिलाड़ियों ने कठिन परिश्रम के दम पर यह मुकाम हासिल किया है, जो जिले की हॉकी फीडर सेंटर सिवनी में अभ्यासरत खिलाड़ियों के लिये प्रेरणा का स्त्रोत हैं।