बादल छंटते ही बढ़ेगा तापमान

 

उत्तरी हवाएं करा रहीं गुलाबी सर्दी का अहसास

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। मौसम के मिज़ाज कब बदल जायें कहा नहीं जा सकता है। बादलों के छाये रहने से गर्मी का असर कम ही प्रतीत हो रहा है, वहीं, उत्तरी हवाएं सुबह और शाम के समय शहर को ठण्डी के आगोश में ढकेल रहीं हैं।

मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि हवा की दिशा उत्तरी होने के कारण हिमालय की तराई से ठण्डक आ रही है। दोपहर बाद आसमान साफ हुआ लेकिन हवा ने सर्दी का अहसास कराया। बुधवार से आसमान साफ होने का सिलसिला आरंभ हो गया है अब दो तीन दिन मौसम इसी तरह का रह सकता है और तापमान में बढ़ौत्तरी दर्ज की जा सकती है।

सूत्रों ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और ओले गिरने के कारण वातावरण में नमी बनी हुई है। नमी के कारण बादल छाये रहे। दोपहर बाद आसमान साफ होने लगा। सुबह हवा उत्तर पश्चिमी रही जो शाम को उत्तरी में हवा में तब्दली हो गयी।

सूत्रों के अनुसार पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बारिश के कारण नमी बनी हुई है। इस कारण सुबह बादल रहेंगे लेकिन दोपहर बाद आसमान साफ होगा। आसमान साफ और उत्तरी हवा के कारण तापमान में गिरावट होगी। धीरे – धीरे तापमान में वृद्धि होगी। हवा की दिशा पश्चिमी होने पर दिन की गर्मी बढ़ जायेगी।

क्यों आया मौसम में बदलाव : सूत्रों के मुताबिक मध्य प्रदेश के दक्षिण और पश्चिम हिस्से में वहीं छत्तीसगढ़ के ऊपर बन रही चक्रवाती सिस्टम का असर पड़ रहा है। बिदा होते सिस्टम की वजह से ही मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। सूत्रों ने आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव के संकेत दिये हैं।