सर्द हवाओं ने एक बार फिर कंपकंपाया लोगों को

 

एक दिन राहत के बाद फिर लौटीं गलन भरी हवाएं

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। शुक्रवार को दिन में राहत देने के बाद शनिवार को सुबह से ही सर्द हवाओं ने लोगों को एक बार फिर परेशान कर दिया। दरअसल, दो वेदर सिस्टम सक्रिय हैं, जिसके चलते प्रदेश में नमी आने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। इसके प्रभाव से हो रही बारिश के कारण हवाओं में अपेक्षाकृत ठण्डक महसूस की जा रही है।

मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि शुक्रवार को हवाओं की दिशा पूर्वी हो जाने से दिन में काफी हद तक राहत मिली थी, किन्तु प्रदेश के अनेक स्थानों पर हो रही बारिश के कारण अब जहाँ से भी हवाएं आ रहीं हैं, वे सर्द ही हैं, जिसके कारण सर्दी महसूस की जा रही है।

सूत्रों ने बताया कि जिस तरह का पूर्वानुमान मिल रहा है उसके अनुसार प्रदेश विशेषकर मालवा क्षेत्र में बूंदाबांदी के आसार बनते दिख रहे हैं। सिवनी के वाशिंदों को एक बार फिर बारिश का सामना 08 जनवरी को करना पड़ सकता है। इस दौरान ओलावृष्टि की संभावनाएं भी सूत्रों ने व्यक्त की हैं।

पल-पल बदलते मौसम के पूर्वानुमान के हिसाब से सूत्रों ने बताया कि रविवार को आसमान पर बादलों का डेरा रहेगा और दिन का तापमान 21 डिग्री सेल्सियस एवं रात में पारा ईकाई पर उतरकर 08 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सोमवार को दिन में तो पारा दो डिग्री सेल्सियस चढ़कर 23 पर आ सकता है, पर शाम ढलते ही एक बार फिर सर्द हवाओं का सुर्खा आरंभ हो सकता है। रात में पारा 07 डिग्री सेल्सियस तक नीचे उतर सकता है। मंगलवार से इसमें कुछ बढ़ौत्तरी की उम्मीद सूत्रों ने व्यक्त की है। इसके अलावा 08 जनवरी को बारिश की उम्मीद भी सूत्रों ने जतायी है।

सर्दी और कोहरे का रहेगा कहर : सूत्रों ने यह भी बताया कि दो वेदर सिस्टम के एक साथ सक्रिय रहने के कारण प्रदेश के अनेक स्थानों में बारिश के साथ कोहरा भी अधिकता में दिख रहा है। सिवनी में भी मुँह अंधेरे कोहरा और ओस का अनुभव किया जा रहा है।

दक्षिणी गुजरात पर ऊपरी हवा का चक्रवात : सूत्रों ने यह भी बताया कि वर्तमान में दक्षिणी गुजरात पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। साथ ही एक ट्रफ (द्रोणिका लाईन) दक्षिणी राजस्थान से उत्तरी मध्य प्रदेश होते हुए झारखण्ड तक बना हुआ है। इससे लगातार नमी आने का सिलसिला बना हुआ है।