फिर बदली हवा की दिशा, न्यूनतम तापमान लुढ़का

 

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। शहर में दो-तीन दिन से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होते ही हल्के बादल छंट गये। आसमान साफ होते ही तापमान में गिरावट आयी। पूरे दिन तापमान सामान्य से नीचे बना रहा। सर्द हवा ने दोपहर में हल्की ठंड का अहसास कराया। दोपहर बाद हवा का असर बढ़ गया।

हाल ही में पारे में उछाल दर्ज किया गया था। इसके बाद सोमवार को सुबह से ही सर्द हवाओं ने जिले को घेर लिया। दो तीन दिन के बाद एक बार फिर मौसम के करवट लेने की उम्मीद जतायी जा रही है।

मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने से तापमान में गिरावट आयी है। एक-दो दिन तापमान में हल्की गिरावट बने रहने का अनुमान है। दो दिन बाद पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय हो सकता है। इसका प्रभाव से हल्के बादल छा सकते है। इस दौरान पूर्वी प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश का अनुमान है।

हवाओं का रूख हो रहा उत्तर पूर्वी : सूत्रों ने आगे बताया कि वर्तमान में सिवनी में मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन में तीखी धूप के बाद गर्मी महसूस की जा रही थी। सर्दी से निज़ात पाने के बाद लोग खुश थे, पर सोमवार को अचानक ही मौसम के करवट लेने के बाद फिजा में ठण्डक घुल गयी।

सूत्रों ने  बताया कि नेपाल और उत्तर प्रदेश के ऊपर से होते हुए हवाएं मध्य प्रदेश में आयीं इसके कारण पिछले एक सप्ताह पूर्व जैसी ठंड का एहसास शाम के बाद लोगों को हुआ। सूत्रों ने एक सप्ताह बाद बादल छाने और बारिश के संकेत भी दिये हैं। सूत्रों की मानें तो 24 फरवरी को बूंदाबांदी हो सकती है।