बाघ के शावक ने तोड़ा कमजोरी के चलते दम!

 

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। रूखड़ बफर क्षेत्र में बाघ के एक शावक ने कमजोरी के चलते दम तोड़ दिया। उसका शव परीक्षण, जबलपुर स्थित स्कूल ऑफ फोरेंसिक हेल्थ जबलपुर में कराया गया।

पेंच नेशनल पार्क के क्षेत्र संचालक ने बताया कि बुधवार को रूखड़ बफर की सावंगी बीट के कक्ष क्रमाँक 242 में गश्ती के दौरान दोपहल दो बजे के आसपास तीन शावक दिखायी दिये। इनमें से एक शावक लेटा था और दो शावक बैठे हुए थे। गश्ती दल के वहाँ पहुँचते ही दो शावक जंगल में भाग गये। पास ही बाघ के दहाड़ने की आवाजें भी आ रहीं थीं। गश्ती दल के द्वारा इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गयी।

उन्होंने बताया कि वन परिक्षेत्र अधिकारी ने बताया कि वहाँ लेटे शावक की सांस चल रहीं थीं जो लगभग साढ़े तीन बजे थम गयीं। उच्चाधिकारियों के द्वारा स्थल का निरीक्षण किया गया। शाम लगभग सात बजे नर बाघ शावक का मृत शरीर उठाया गया। इसके बाद अधिकारियों ने यह निर्णय लिया गया कि बाघ के शावक के शरीर पर चोट के निशान न होने एवं कमजोर प्रतीत होने के कारण उसका शव परीक्षण नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा महाविद्यालय स्थित स्कूल ऑफ वाईल्ड लाईफ फोरेंसिक हेल्थ संस्थान में कराया जाये।

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण निमोनिया ही प्रतीत हो रहा है। अब शव परीक्षण रिपोर्ट आने के बाद ही असल कारणों से पर्दा उठने की संभावना है।