आज होगी बुआ जी की इच्छा पूरी

 

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। सिवनी में विकास की गंगा बहाने में भागीरथी की भूमिका का निर्वहन करने वाली पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. सुश्री विमला वर्मा के द्वारा खुद के व्यय पर बनवाई गई प्रियदर्शनी इंदिरा गांधी की प्रतिमा का लोकार्पण सुश्री विमला वर्मा के जन्म दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला अस्पताल में लोकार्पित किया जाएगा।

जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता राजिक अकील द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व. सुश्री विमला वर्मा की वर्षो से हार्दिक इच्छा थी कि इंदिरा गांधी शासकीय जिला चिकित्सालय में आयरन लेडी, देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी की प्रतिमा स्थापित हो। सुश्री विमला वर्मा ने स्वयं के व्यय पर स्व. इंदिरा गांधी की प्रतिमा निर्मित कराई थी। प्रतिमा स्थापित करने के अनेक प्रयास के बावजूद शासकीय औपचारिकता पूर्ण न होने के कारण प्रतिमा स्थापित नही हुई।

प्रदेश में मुख्यमंत्री कमल नाथ के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार बनने के पश्चात जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राज कुमार खुराना द्वारा स्व. सुश्री विमला वर्मा की मंशा को साकार करने हेतु प्रतिमा स्थापित करने हेतु अनेक प्रयास किये जिसके परिणाम स्वरूप इंदिरा गांधी जिला चिकित्सालय में स्व. सुश्री विमला वर्मा के जन्म दिवस के अवसर पर 01 जुलाई को दोपहर 12.15 बजे प्रतिमा का अनावरण जिला चिकित्सालय, ट्रामा ओपीडी बिल्डिंग एवं मंचीय कार्यक्रम दोपहर 12.30 बजे स्मृति लॉंन में मध्य प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद प्रजापति के मुख्यातिथ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं सिवनी जिले के प्रभारी मंत्री सुखदेव पांसे की अध्यक्षता तथा विधानसभा उपाध्यक्ष सुश्री हिना कांवरे के विशिष्ठ आतिथ्य में संपन्न होगा।

इस कार्यक्रम में बरघाट विधायक अर्जुन सिंह काकोडिया, लखनादौन विधायक योगेन्द्र सिंह, सिवनी जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रतीक्षा राजपूत सहित जिले के जनप्रतिनिधियो की विशिष्ठ उपस्थिती रहेगी।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राज कुमार खुराना, कार्यकारी अध्यक्ष  मो. असलम खान, नरेश मरावी, पूर्व विधायक ठा. रजनीश सिंह, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि आशुतोष वर्मा, हाजी मो. समी अंसारी, श्रीमती नेहा सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मोहन सिंह चंदेल ने उक्त कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने के लिये समस्त कांग्रेस जनो गणमान्य नागरिको से उपस्थिती की अपील की है।