न्यू ईयर मनाने आयी थी सर्दी!

 

बर्फीली हवाओं से मिली राहत स्थायी नहीं!

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। शुक्रवार को सर्दी के तेवर देखते ही लोगों के मुँह से बरबस ही निकल पड़ा कि क्या सर्दी सिर्फ न्यू ईयर मनाने आयी थी! नहीं, जनाब बर्फीली हवाओं से मिली राहत को आप स्थायी न मान लें। अभी एक बार फिर बारिश और ओलावृष्टि से सिवनी के निवासी दो चार हो सकते हैं।

शुक्रवार की सुबह सर्द के साथ ही साथ कोहरे में लिपटी हुई थी। इसके बाद जैसे – जैसे दिन चढ़ा, हवाओं में सर्दी की तल्खी कम होती चली गयी। शुक्रवार को एकाएक शीत लहर का प्रभाव कम हो गया। दोपहर को लोग पूरी आस्तीन की बजाए हाफ स्वेटर पहने ही नज़र आये।

मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर काफी हद तक कम होने के कारण मौसम में अचानक बदलाव आया है। साथ ही हवाओं की दिशा उत्तरी से पूर्वी भी हुई है।

पल-पल बदलते मौसम के पूर्वानुमान के हिसाब से सूत्रों ने बताया कि शनिवार को दिन में अधिकतम तापमान शुक्रवार की अपेक्षा एक डिग्री सेल्सियस कम रहेगा। इसके अलावा रात पारा 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

रविवार को दिन में पारा 20 डिग्री सेल्सियस तो रात में यह 08 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सोमवार को दिन में तापमान बढ़कर 23 डिग्री सेल्सियस तो रात में 08 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रह सकता है। आने वाले बुधवार को एक बार फिर बादलों का डेरा जमता दिखेगा और गरज के साथ छींटे पड़ने यहाँ तक कि ओलावृष्टि की संभावनाएं भी सूत्रों ने व्यक्त की हैं।