ट्विंकल खन्ना ने ब्रिटेन से अनमोल कोहनूर और माल्या, ललित मोदी मांगे!

(ब्यूरो कार्यालय)

मुंबई (साई)। बॉलीवुड एक्‍ट्रेस, राइटर और इंटीरियर डिजाइनर ट्विंकल खन्‍ना ने ब्रिटेन में किंग चार्ल्‍स- III की ताजपोशी पर चुटकी लते हुए बड़े पते की बात कही है।

ट्विंकल ने किंग चार्ल्‍स-III के ताज से गायब कोहिनूर हीरे के बहाने ब्रिटेन से कहा है कि वह उन्‍हें भारत को कोहिनूर हीरा लौटा देना चाहिए। साथ ही एक्‍ट्रेस ने अंग्रेजों से दो और अनमोल रतनविजय माल्‍या और ललित मोदी को भारत को सौंपने की अपील की है। बीते दिनों बकिंघम पैलेस ने घोषणा की थी कि महारानी एलिजाबेथ के निधन के बाद विवादत कोहिनूर को किंग के राज्याभिषेक समारोह से अलग रखा जाएगा।

कोहिनूर हीरे का वजन 105 कैरेट है। कोहिनूर का मतलब फारसी में प्रकाश का पर्वतहै। माना जाता है कि यह 800 साल पहले दक्षिण भारत में कृष्णा नदी के तट पर मिला था। इसके बाद कई साम्राज्यों से होते हुए 19वीं शताब्दी में यह ब्रिटेन की महारानी विक्टोरिया को सौंपा गया। हालांकि, एक प्रचलित कहानी यह भी है कि कोहिनूर हीरा शापित है और यह सिर्फ महिलाओं, खासकर रानी के पहनने के लिए ही सुरक्ष‍ित है।

Twinkle Khanna ने टाइम्स ऑफ इंडियाके लिए लिखे अपने नए कॉलम की फोटो ट्विटर पर पोस्‍ट की है। वह इसमें लिखती हैं कि किंग चार्ल्‍स-III की ताजपोशी ने पुराने कोहिनूर विवाद को नई हवा दी है। क्योंकि हिंदुस्‍तानियों ने यूनाइटेड किंगडम से उस हीरे को वापस करने की मांग शुरू कर दी है।

ट्विंकल लिखती हैं, ‘परंपरागत रूप से रानी ने राज्याभिषेक में हीरे के साथ मुकुट पहना था। लेकिन इस बार बकिंघम पैलेस ने बयान जारी किया कि औपचारिक कार्यवाही में कोहिनूर का उपयोग नहीं किया जाएगा। इस कारण भारतीय एक बार फिर कोहिनूर की वापसी की मांग कर रहे हैं। मैं ब्रिटेन से सिर्फ कोहिनूर ही नहीं, बल्कि इस जैसे ही हमारे दो अन्य अनमोल रतन, विजय माल्या और ललित मोदी को भी वापस करने के लिए कहना चाहूंगी।

वैसे, जानकारी के लिए बता दें कि कोहिनूर हीरे को अब टॉवर ऑफ लंदन में प्रदर्शन के लिए रखा गया है। हाल के वर्षों में भारत सरकार ने बार-बार ब्रिटिश सरकार से कोहिनूर हीरा वापस करने के लिए कहा है। ट्विंकल ने अपने कॉलम में डचेस ऑफ ससेक्समेघन मार्कल के शाही राज्याभिषेक समारोह से दूरी बनाए रखने का भी जिक्र किया है। वह लिखती हैं, ‘मैंने तुरंत एक मेघन मार्कल कार्डबोर्ड मास्क खरीदा, इसे लगाया और पूरे लंदन में घूमना शुरू कर दिया, ताकि मैं उनके ससुर के राज्याभिषेक में उनके नहीं होने की कमी को पूरा कर सकूं।

ट्विंकल ने इसके साथ ही यूनाइटेड किंगडम के पहले भारतीय मूल के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के बारे में भी बात की। वह लिखती हैं, ‘उनकी उपलब्‍ध‍ि ने कई लोगों को हैरान किया होगा, लेकिन उनकी सास को नहीं। हाल ही में एक साक्षात्कार में भारत की सबसे प्रिय लेखिकाओं में से एक सुधा मूर्ति ने चुटकी ली और कहा- मैंने अपने पति को एक ब‍िजनसमैन बनाया। जबकि मेरी बेटी ने अपने पति को यूके का प्रधानमंत्री बनाया। उनकी इस टिप्पणी को शुरुआती तौर पर कुछ लोगों ने ट्रोल किया, लेकिन उनके इस मजाकिया बयान में कुछ सच्‍चाई तो थी। आखिरकार, हर महापुरुष के साथ अक्सर एक महिला होती है, जो उसे लगातार बताती है कि वह क्या गलत कर रहा है।