नाबालिग का अपहरण कर किया 6 माह तक दुष्कर्म

 

(ब्‍यूरो कार्यालय)

जबलपुर (साई)। माढ़ोताल क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी को शादी का झांसा देकर युवक ने अपहरण कर लिया। आरोपित युवक उसे अपने घर ले गया, जहां बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी किसी तरह से आरोपित के चंगुल से बचकर घर पहुंची और परिजन को आपबीती सुनाई। पुलिस ने मामला कायम कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

माढ़ोताल पुलिस ने बताया कि 17 वर्षीय किशोरी के घर ब्रजेश पटेल (Brajesh Patel) का आना-जाना था। जो उसे शादी के लिए कहता रहता था। 7 मार्च की दोपहर 2.30 बजे घर पर किशोरी अकेली थी। तभी ब्रजेश उसके घर पहुंचा और शादी करने के लिए चलने को कहा। लेकिन किशोरी ने इंकार कर दिया तो आरोपित उसे जबरदस्ती बाइक में बैठाकर मंदिर ले गया। जहां उससे शादी कर घर ले गया। जहां उसके साथ दुष्कर्म किया।

किशोरी ने जब परिजन के पास जाने को कहा तो आरोपित ने कमरे के अंदर बंद कर दिया। वहीं विरोध करने पर किशोरी के साथ मारपीट की। 17 सितंबर को किशोरी आरोपित के घर से भागकर अपने घर पहुंची और फिर परिजन के साथ थाने जाकर शिकायत की।