कौन कर रहा अस्पताल में पार्किंग की अवैध वसूली!

 

 

अज्ञात लोगों के द्वारा की जा रही अवैध वसूली

(सादिक खान)

सिवनी (साई)। प्रियदर्शनी के नाम से सुशोभित जिला अस्पताल में लगभग रोज ही जिलाधिकारी प्रवीण सिंह के द्वारा कायाकल्प अभियान की प्रगति देखी जा रही है, वहीं सोमवार को कुछ कतिपय लोगों के द्वारा दो पहिया वाहनों की पार्किंग में वूसली आरंभ कर दिये जाने से हड़कंप मच गया, क्योंकि अभी तक वाहन पार्किंग का ठेका हुआ भी नहीं है।

लोगों के द्वारा समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया गया कि यहाँ कतिपय लोगों के द्वारा मोटर साईकिल से दस रूपये और साईकिल से पाँच रूपये की वसूली की जाकर एक पर्ची थमायी जा रही है। यह मामला तब उजागर हुआ जब स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से ही इन लोगों ने जबरन वसूली करना चाही।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार को अस्पताल की पार्किंग में अवैध रूप से वसूली कर रहे लोगों के द्वारा अस्पताल के लिपिक और अन्य कर्मचारियों से वाहन खड़ा करने के एवज में पैसों की माँग की गयी तो विवाद की स्थित निर्मित होने लगी। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के द्वारा जब कहा गया कि साईकिल स्टैण्ड का ठेका कब हुआ? इसकी निविदा कब निकली और किसने ली, तब वसूली करने वाले बगलें झांकते नज़र आये।

वहीं, अस्पताल के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि अस्पताल प्रशासन की कथित अनदेखी के कारण इस तरह के कतिपय लोगों के द्वारा वसूली का काम किया जा रहा है। सूत्रों ने कहा कि अस्पताल प्रशासन यह कहकर अपना पल्ला झाड़ता दिख रहा है कि कुछ लोगों के द्वारा अभी सर्वे का काम किया जा रहा है ताकि उनके द्वारा अंदाजा लगाया जाकर ठेके की राशि तय की जा सके।

सूत्रों ने कहा कि सर्वे के दौरान वाहनों की तादाद देखना, गिनने तक तो बात समझ में आती है पर उनसे अवैध रूप से वसूली किया जाना न्याय संगत नहीं माना जा सकता है।