नमस्कार, आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में सोमवार 10 अगस्त 2020 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन, अब आप रीना सिंह से समाचार सुनिए.
कोरोना के संक्रमित मरीजों की तादाद बहुत ही तेजी से बढ़ रही है वह चिंताजनक होती जा रही है। संक्रमित मरीजों का आंकड़ा सवा 22 लाख के करीब पहुंच गया है। वर्तमान में यह आंकड़ा 22 लाख 22 हजार 738 पहुंच गया है। देश में कुल एक्टिव मरीजों की तादाद से लगभग 09 लाख 05 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। देश में अब तक सक्रिय मरीजों की तादाद 06 लाख 36 हजार 254 एवं रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 15 लाख 41 हजार 450 है, एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 44 हजार 570 है। अब तक देश में कुल 02 करोड़ 45 लाख 83 हजार 558 लोगों का कोविड परीक्षण कराया जा चुका है। इधर, मध्य प्रदेश में कुल संक्रमित मरीजों की तादाद से लगभग 20 हजार 11 से ज्यादा लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। प्रदेश में आंकड़ा 39 हजार 25 पहुंच गया है, जिसमें एक्टिव मरीजों की तादाद 09 हजार 09, रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 29 हजार 20 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 996 है। प्रदेश में अब तक 8 लाख 90 हजार से ज्यादा लोगों का टेस्ट कराया जा चुका है।
प्रदेश में जिन जिलों में कोरोना के संक्रमित मरीजों की तादाद पांच सौ से ज्यादा है उनमें वर्तमान में इंदौर में 08 हजार 516 कुल मरीजों में से एक्टिव मरीजों की तादाद 02 हजार 284 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 333 है, भोपाल में 07 हजार 681 कुल मरीज, एक्टिव मरीजों की तादाद 2 हजार 48, जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 214, ग्वालियर में 02 हजार 885 कुल मरीजों में एक्टिव मरीजों की तादाद 643 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 15, मुरैना में कुल मरीजों की संख्या 1 हजार 769 एवं सक्रिय मरीजों की तादाद 162 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 11, उज्जैन में एक हजार 310 कुल में से एक्टिव मरीजों की तादाद 173 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 75, जबलपुर में कुल 01 हजार 814 संक्रमित मरीजों में से 525 एक्टिव एवं 36 लोग कालकलवित हुए हैं, खरगौन में कुल मरीजों की संख्या 919, एक्टिव मरीजों की तादाद 172 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 18, बड़वानी में कुल 900 में से एक्टिव मरीजों की तादाद 283 एवं जिनका निधन हुआ उनकी संख्या 08, नीमच में कुल मरीजों की संख्या 840 एवं एक्टिव मरीजों की तादाद 125 व जिनका निधन हुआ उनकी तादाद 09, सागर में 778 कुल एवं एक्टिव 134 व जिनका निधन हुआ उनकी संख्या 36, खण्डवा में 703 कुल मरीजों में से संक्रमित मरीज 75 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 20, रतलाम में कुल 541 मरीजों में से एक्टिव मरीज 91 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 13 एवं भिण्ड में कुल 500 संक्रमित मरीजों में से एक्टिव मरीज 49 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 02 है। प्रदेश में एक भी जिले में एक्टिव मरीजों की तादाद शून्य नहीं है।
—–
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जिस तरह मध्यप्रदेश ने बीते वर्षों में बिजली, पानी और कृषि के क्षेत्र में विकास के नए रिकार्ड बनाए हैं, उसी तरह अब स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में श्रेष्ठ उपलब्धियाँ प्राप्त करने के प्रयास होंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के रोडमैप निर्माण के लिए वेबिनार श्रृंखला के माध्यम से किए जा रहे मंथन के तीसरे दिन स्वास्थ्य और शिक्षा वेबिनार का शुभारंभ कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के निर्देशन में भारत की नई शिक्षा नीति के तीन प्रमुख उद्देश्यों ज्ञान-कौशल और संस्कार को प्राप्त करने के सोच से तैयार की गई है। मध्यप्रदेश इसका आदर्श तरीके से क्रियान्वयन करेगा। स्वास्थ्य क्षेत्र में भी आयुष्मान भारत योजना में नया सहारा दिया है। यह योजना मार्गदर्शक सिद्ध हो रही है। मध्यप्रदेश में दूरस्थ ग्रामीण अंचलों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाने का कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि तकनीकि शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश में 600 करोड़ की लागत से सिंगापुर के सहयोग से ग्लोबल स्किल पार्क के विकास की योजना है। इसके क्रियान्वयन की गति बढ़ायी जाएगी।
—–
मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्र पिछले दिनों मास्क नहीं पहनने पर काफी चर्चाओं में रहे, लेकिन अब मास्क पहनने पर चर्चाओं में आ गए हैं। क्योंकि अब उन्होंने खुद के चेहरे वाला मास्क लगाया है। गौरतलब है कि उपचुनाव से पहले मोदी, शाह और शिवराज के चेहरे वाले मास्क बाजार में बिक रहे हैं।
उपचुनाव से पहले बाजार में इन दिनों मोदी, शाह और शिवराज के चेहरे वाले मास्क मिल रहे हैं। इन मास्क को चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। लेकिन, मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्र इन दिनों खुद के चेहरे वाला मास्क पहने हुए नजर आ रहे हैं। वे लोगों से भी पूछ रहे हैं कि ठीक है न।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक हस्तियों के चेहरे वाले मास्क बाजार में मिल रहे हैं। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत अन्य नेताओं के मास्क दुकानों पर उपलब्ध है। हालांकि नेताओं के चेहरे वाले मास्क मिलने पर इसे चुनाव की तैयारियों से जोड़क देखा जा रहा है।
—–
मध्यप्रदेश में पिछले कुछ समय से चला आ रहा फीस का मामला एक बार फिर टल गया है। सोमवार को सीबीएसई ने अपना पक्ष नहीं रखा, इसलिए कोर्ट ने 24 अगस्त तक जवाब पेश करने का अंतिम मौका दिया है। फैसले की सुनवाई अब 24 अगस्त को होगी।
मध्यप्रदेश में निजी स्कूलों की मनमानी फीस वसूली को कटघरे में खड़ा करने वाली जनहित याचिका के मामले में सीबीएसई को सोमवार को अपना पक्ष प्रस्तुत करना था। अब 24 अगस्त तक उसे जवाब पेश करना होगा। इस मामले में जनहित याचिकाकर्ता ने संशोधन अर्जी दायर की है।
इससे पहले 28 जुलाई को सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने आदेश दिए थे। उसमें एक अहम बात यह थी कि मध्यप्रदेश के सभी निजी स्कूलों को सख्त हिदायत दी गई थी कि कोरोनाकाल में स्कूल फीस जमा न करने के आधार पर किसी भी स्टूडेंट का नाम नहीं काटा जाए। इस दिशा-निर्देश का पालन करने के साथ ही मामले की 10 अगस्त को रखी गई थी।
—–
भोपाल के उपनगरीय इलाके बैरागढ़ में टोटल लॉकडाउन में पार्टी कर रहे रईसजादों को पुलिस ने पकड़ा है, दरअसल, रविवार को प्रदेश में टोटल लॉकडाउन की घोषणा की गई है। इस दौरान प्रदेश में केवल आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खोलने की अनुमति है। लेकिन कुछ रईसजादे पार्टी कर रहे थे।
आधी रात को भोपाल के बैरागढ़ इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया है। पुलिस के कब्जे में 100 के करीब लोगों को देख लोग हैरान थे। रस्सी से घेराबंदी कर पुलिस इन्हें सड़कों पर पैदल लेकर जा रही थी। सभी अपना चेहरा छुपा रहे थे। दरअसल, ये सभी लोग शहर के रईदजादे हैं। लॉकडाउन के दौरान नियम तोड़ कर बैरागढ़ केअक्कड़-बक्कड़ रेस्त्रां में पार्टी कर रहे थे। पुलिस को जैसे ही इसकी खबर लगी, वहां दबिश दी और सभी लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
इन्हें छुड़ाने के लिए स्थानीय नेताओं के फोन भी आते रहे। लेकिन पुलिस अधिकारियों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि इस पार्टी में शामिल ज्यादातर लोग व्यापारी वर्ग से आते हैं। रविवार को बंदी के दिन इन लोगों ने गुपचुप तरीके से बैरागढ़ के एक रेस्त्रां में पार्टी रखी थी। बैरागढ़ भोपाल का बिजनेस हब है। इस पार्टी में शामिल लोगों के लिए खाने-पीने से लेकर शराब तक की व्यस्था थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जब वहां छापेमारी की तो भीड़ देख कर हैरान रह गई। आखिर लॉकडाउन में इतने लोग यहां कैसे जमा हो गए।
—–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जाने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चेनल पर रोजाना अपलोड होने वाले वीडियो जरूर देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य करवाने वालों आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 फीसदी तक सही साबित हुए हैं।
—–
भोपाल की बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा है कि त्योहारों के आने वाले सीजन में आम लोगों को इन्हें मनाने की अनुमति दी जानी चाहिए। साध्वी ने कहा है कि लोग कोरोना के खतरे और इससे बचाव के तरीकों के बारे में अब अच्छी तरह जान चुके हैं। उन्होंने कहा कि कानून के अंतर्गत त्योहारों को मनाने की अनुमति मिलनी चाहिए। उन्होंने इस मुद्दे पर गृह मंत्री से मुलाकात करने की बात भी कही है। इससे पहले सोमवार सुबह गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने नई गाइडलाइन के बारे में जानकारी देते हुए कहा था कि सार्वजनिक रूप से गणेश पूजा या दशहरा मनाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
—–
एक तरफ कोरोना वायरस के चलते संक्रमण के फैलाव को कम करने के लिए जगह जगह लॉकडाउन लगाया जा रहा है, इससे संक्रमण पर तो कुछ हद तक लगाम लगी, लेकिन कई बड़े छोटे कारोबार ठप हो गए। वहीं, दूसरी तरफ मध्य प्रदेश सरकार द्वारा पेट्रोल, डीजल पर लगाए गए अधिक टैक्स के खिलाफ आंदोलन शुरूआत हो चुकी है।मध्य प्रदेश ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ट्रकों की हड़ताल कर दी है। इसके अलावा पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात के ट्रांसपोर्टर्स में भी मध्य प्रदेश की हड़ताल का समर्थन करते हुए ऐलान किया है कि, इन तीन दिनों में देश का कोई भी ट्रांसपोर्टर मध्य प्रदेश में कोई भी बाहरी माल लेकर नहीं आएगा।
मध्य प्रदेश में अगर बाहरी राज्यों के कमर्शियल व्हीकल नहीं आए तो इन तीन दिनों में दवाईयों से लेकर रोजमर्रा की चीजों की सप्लाई प्रभावित होगी। जरूरत पड़ने पर लोगों को अधिक कीमत में जरूरी सामान खरीदना पड़ेगा, इसमें मुख्य रूप से सब्जी और डेयरी प्रोडक्ट हैं। ऑल इंडिया मोटर्स ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के डिस्ट्रिक प्रेसीडेंट विनोद जैन के मुताबिक, प्रदेश से लगे राज्यों के ट्रांसपोर्टरों से बात हुई। उन्होंने भी हड़ताल को समर्थन दिया है। प्रदेश में इन राज्यों के रोजाना करीब 50 हजार कमर्शियल वाहन गुजरते हैं। वो भी अब तीन दिन तक प्रदेश से नहीं गुजरेंगे। हड़ताल के चलते रोजाना की चीजों की सप्लाई प्रभावित होगी, लेकिन लंबी न चलने से दौबारा सब ठीक हो जाएगा। बहरहाल, बाजार प्रभावित जरूर होगा।
विनोद जैन ने बताया कि 11 अगस्त को प्रदेश के चार आरटीओ बैरियर पर प्रदर्शन करेंगे। यह बैरियर हैं- सेंधवा, मुरैना, मालथौन, और मुलताई हैं। यहां पर हर गाड़ी से 500 रुपए निकलने का लिया जाता है। इसे भी कम करने की मांग कर रहे हैं।
दूसरे राज्यों जैसे दिल्ली और महाराष्ट्र में डीजल के रेट कम होने के कारण मध्य प्रदेश के अधिकांश ट्रांसपोर्टर दूसरे राज्यों में डीजल भरवाने को मजबूर हैं। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, भोपाल से रोजाना 200 कमर्शियल वाहन दिल्ली जाते हैं। वहां पर डीजल के दामों में 10 रुपए अंतर (कम) है। ऐसे में इस रूट के सभी ड्राइवर दिल्ली से ही डीजल भरवाते हैं।
—–
इंदौरजिले के सब जेल देपालपुर में जेल ब्रेक की घटना को अंजाम दिया गया है। यहां रविवार सुबह 6ः00 बजे के करीब राशन बांटने के दौरान जेल प्रहरियों पर हमला कर 4 कैदी भाग निकले। हालांकि जेल स्टॉफ और कुछ ग्रामीणों की मदद से इन कैदियों को पकड़ लिया गया है।
इस मामले में सब जेल देपालपुर सहायक जेल अधीक्षक और जल प्रहरियों की गंभीर लापरवाही उजागर हुई है।वहीं, सेंट्रल जेल अधीक्षक राकेश भांगरे ने सहायक जेल जेल अधीक्षक देपालपुर रामसहाय कुशवाहा को तत्काल वहां से हटाने की प्रशासन से मांग की है। उनके मुताबिक सबसे गंभीर लापरवाही सहायक जेल अधीक्षक की प्रारंभिक जांच में मिली है। उनके मुताबिक लापरवाही सिर्फ 1 दिन की नहीं है, ऐसी लापरवाही रोजाना की जा रही थी। जिसकी जानकारी कैदियों को थी, उसी का फायदा उठाकर वह जेल से भागने में सफल हो सके।
—–
ग्वालियर के जेएएच के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की दूसरी मंजिल से एक कोरोना पॉजिटिव मरीज नीचे कूद गया। घटना में उसके हाथ में चोट आई है। उसे तुरंत उठाकर ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया, जहां उसकी सर्जरी जारी है। बताया जा रहा है कि वो बाथरूम की खिड़की से कूदा था और उसने इसके पहले अपने हाथ की नस भी काट ली थी। शनिवार के दिन इसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी।
—–
मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे छतरपुर जिले के हरपालपुर नगर से महज 13 किलोमीटर दूर भंडार गांव में सड़क किनारे स्थित एक कुएं में सांप ही सांप नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ महीनों पहले ग्रामीणों ने इस इलाके में सांप का एक जोड़ा देखा था।
ग्रामीणों का कहना है कि मई जून में ये कुआं सूख जाता है। हो सकता है कि नाग-नागिन का जोड़ा उस समय कुएं में गिर गया हो। इसके बाद नागिन ने कुएं में ही अंडे दिए हो और अब उसमें से सपोले निकल आए हैं। कुएं में सांप ही सांप होने की जानकारी उस वक्त लोगों को लगी जब वे ये देखने पहुंचे कि कुएं में कितना पानी आ गया है। पानी देखने पहुंचे लोग हैरान रह गए जब उन्हें कुएं में सांप ही सांप नजर आए। हालांकि, अब ग्रामीणों ने सुरक्षा की दृष्टि से कुआं को कंटीली झाड़ियों से ढककर बंद कर दिया है। ताकि कोई अंदर रस्सी, बाल्टी, बर्तन न डाल सके और सांप उसमें फंसकर बाहर न आ सकें।
—–
आबकारी विभाग द्वारा ऑनलाइन मदिरा परमिट में परिसर में किसी भी स्थिति में अंकित जानकारी को परिवर्तित नहीं करने के लिये कहा गया है। इस संबंध में आबकारी आयुक्त ने सभी कलेक्टर्स को पत्र लिखा है।
पत्र में कलेक्टरों से कहा गया है कि वे अपने अधीनस्थ आबकारी स्टाफ को निर्देशित करें कि रोड चौकिंग के दौरान यह सुनिश्चित किया जाये कि ऑनलाइन जारी किये गये परमिट पर अंकित जानकारी या विवरण को परिसर में हाथ से परिवर्तित तो नहीं किया गया है। आबकारी आयुक्त ने इस संबंध में प्रदेश की सभी विनिर्माणी इकाईयों, मदर डिपो, देशी, विदेशी मद्य भाण्डागार के प्रभारी अधिकारियों को भी निर्देशित किया है कि जारी किये जाने वाले ऑनलाइन परमिट में परिसर में किसी भी स्थिति में अंकित जानकारी को हाथ से परिवर्तित न किया जाये।
—–
प्रदेश की समस्त ग्राम पंचायतों को शामिल करते हुए प्रथम चरण में 5000 ग्राम पंचायतों में महात्मा गांधी ग्राम सेवा केन्द्र स्थापित किए जावेंगे।
इन जनसुविधा केन्द्रों से सभी शासकीय एवं अन्य सेवाएँ उचित दर पर आम आदमी को उपलब्ध कराई जावेगी। जिससे ग्राम पंचायत स्तर पर सभी शासकीय अन्य कार्यों में पारदर्शिता सक्षमता और विश्वसनीयता में वृद्धि होगी, एवं ग्राम पंचायतें डिजीटलाईजेशन की ओर अग्रेषित होगी।
—–
आप सुन रहे थे रीना सिंह से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में सोमवार 10 अगस्त का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन। मंगलवार 11 अगस्त को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे, अगर आपको यह आडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। फिलहाल इजाजत लेते हैं, नमस्कार।

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.