नमस्कार, आप सुन रहे हैं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में मंगलवार 22 सितंबर 2020 का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन, अब आप रीना सिंह से समाचार सुनिए.
—–
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से आज निवास पर प्रशासनिक सेवा संघ के पदाधिकारियों ने भेंट की। प्रशासनिक सेवा संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री श्री चौहान से आग्रह किया कि छिंदवाड़ा में एस.डी.एम. श्री सी.पी. पटेल पर किए गए हमले में लिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। उन्हें आवश्यक सहायता एवं सुरक्षा भी प्रदान की जाए। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ए.डी.एम. और एस.डी.एम. को सशस्त्र गार्ड एवं समस्त कार्यपालक मजिस्ट्रेट के लिए गार्ड की व्यवस्था की जाए। प्रशासनिक अधिकारियों ने घटना के विरोध में 19 से 21 सितम्बर तक हड़ताल अवधि का सामूहिक अवकाश प्रदान करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रशासनिक सेवा और कार्यपालक मजिस्ट्रेट का दायित्व निभा रहे लोगों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
—–
मध्यप्रदेश के मंत्री और विधायकों के कोरोना संक्रमित होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। अब शिवराज कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। उन्होंने खुद ट्वीट कर लोगों को जानकारी दी है। उन्होंने कहा है कि जो लोग मेरे संपर्क में आए हैं, वे भी अपना कोरोना टेस्ट करवा लें। इधर, मंत्री हरदीप सिंह डंग की रिपोर्ट भी कोरोना पाजिटिव आई है। वे भोपाल के चिरायु अस्पताल में भर्ती हुए हैं।
मध्यप्रदेश में इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, अरविंद भदौरिया, तुलसी सिलावट समेत 40 से अधिक मंत्री विधायक कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। हालांकि सभी ठीक होकर आ गए हैं।
—–
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा में एक बार फिर चूक का मामला सामने आया है। इस बार उनके हेलीकॉप्टर के ऊपर ड्रोन उड़ते देखा गया। इस मामले में आईजी ने विभागीय स्तर पर संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी कई बार मुख्यमंत्री की सुरक्षा में चूक हो चुकी है।
दरअसल, मामला अशोकनगर जिले के मुंगावली का है, जब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हेलीकॉप्टर से एक सभा में गए थे। हेलीपैड पर दो हेलीकॉप्टर उड़ान भरने के लिए तैयार खड़े थे। सभा के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर में जाने लगे तभी दोनों हेलीकॉप्टर की पंखुड़ियों के ऊपर एक ड्रोन भी उड़ते हुए आ गया। वहां मौजूद पुलिस के अधिकारियों की नजर जब उस ड्रोन पर पड़ी तो हड़कंप मच गया।
हेलीकॉप्टर में मौजूद पायलट को जब यह बता चला कि तो उन्होंने अधिकारियों को बताया कि हेलीकॉप्टर की पंखुड़ियों में यह उलझ सकता था। तुरंत ही अधिकारियों ने इस ड्रोन को नीचे उतरवाया। ग्वालियर जोन के आइजी अविनाश शर्मा ने मीडिया को दिए बयान में कहा है कि मुंगावली में कोई बच्चा वीडियोग्राफी के लिए ड्रोन उड़ा रहा था, उस ड्रोन को तत्काल नीचे उतरवा लिया था। यह सुरक्षा में कोई चूक नहीं है।
—–
उपचुनाव से पहले शिवराज सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। अब एमपी में किसानों के खाते में सरकार अलग से हर साल 4 हजार रुपये खाते में डालेगी। किसानों को अभी किसान सम्मान निधि के तहत केंद्र सरकार हर साल 6 हजार रुपये देती है। अब 4 हजार रुपये उन्हें और मिलेंगे। ऐसे में एमपी के किसानों को हर साल 10 हजार रुपये मिलेंगे।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया है कि किसानों के लिए प्रथम चरण में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना प्रारंभ की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत पीएम सम्मान निधि के सभी पात्र हितग्राही किसान परिवारों को एक वित्तीय वर्ष में 2 किश्तों में कुल 4 हजार रुपये का भुगतान किया जाएगा। किसान का कल्याण मेरे जीवन का ध्येय है।
—–
मध्य प्रदेश में पहली बार तेंदुए का सीटी स्कैन भोपाल स्थित राज्य पशु चिकित्सालय जहांगीराबाद किया गया। उसके शरीर में धातुओं के अवशेष होने की आशंका है। विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही आधिकारिक रूप से इसका खुलासा होगा और इलाज किया जाएगा। तेंदुआ इंदौर के चिड़ियाघर से लाया गया था। वन विहार नेशनल पार्क के डिप्टी डायरेक्टर अशोक कुमार जैन ने बताया कि तीन माह पहले छह साल के नर तेंदुए को इंदौर वन विभाग द्वारा जंगल से पकड़ा गया था। उसे इंदौर चिड़ियाघर में रखकर इलाज कर रहे थे, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं आ रहा था। उसे दिखना बंद हो गया है। वह लगातार असहज हो रहा था।
इस पर वन्यप्राणी विभाग के प्रधान मुख्य वन संरक्षक आलोक कुमार ने सीटी स्कैन करने की मंजूरी दी, तब उसे इंदौर से सुबह विशेषज्ञों की टीम वन विहार लेकर आई। यहां पर वन विहार नेशनल पार्क के वन्यप्राणी विषेशज्ञ डॉ. अतुल गुप्ता के नेतृत्व में प्राथमिक जांच की गई। उसके बाद दोपहर में उसे राज्य पशु चिकित्सालय लेकर गए, जहां बेहोश कर सीटी स्कैन किया गया। इस प्रक्रिया में डेढ़ घंटे लगे हैं। उसे वापस इंदौर भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पूर्व में एक बार भालू का सीटी स्कैन किया जा चुका था।
—–
समाचारों के बीच में हम आपको यह जानकारी भी दे दें कि मौसम के अपडेट जाने के लिए समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के चेनल पर रोजाना अपलोड होने वाले वीडियो जरूर देखें। मौसम से संबंधित अपडेट मूलतः किसानों, निर्माण कार्य करवाने वालों आदि के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के द्वारा अब तक मौसम के जो पूर्वानुमान जारी किए गए हैं, वे 95 से 99 फीसदी तक सही साबित हुए हैं।
—–
नवरात्र 17 अक्टूबर से प्रारंभ हो रहे हैं। शारदीय नवरात्रि माता दुर्गा की आराधना के लिए सबसे श्रेष्ठ मानी जाती हैं। इस वर्ष माता का आगमन घोड़े पर होगा, जबकि विदाई भैंसे पर होगी। वहीं कोरोना महामारी के दौरान भी भक्त सीमित संख्या में माता का दरबार सजाकर आराधना कर सकेंगे।
नवरात्र पर्व अश्विन मास की शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 17 अक्टूबर को सूर्य कन्या राशि में, चंद्रमा तुला राशि में विराजमान रहेंगे। नवरात्र के प्रथम दिन घट स्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 6 बजकर 23 मिनट से 10 बजकर 12 मिनट तक रहेगा।
नवरात्रि में हर दिन माता के विभिन्न स्वरूप की पूजा-आराधना की जाती है। माता के अलग-अलग स्वरूप की कृपा से भक्तों के अलग-अलग मनोरथ पूर्ण होते हैं। माता की कृपा से भक्त सुख, शक्ति , धन, धान्य, वैभव व ऐश्वर्य से सम्पन्न होते हैं।
—–
कोरोना के संक्रमित मरीजों का आंकड़ा साढ़े 55 लाख से ज्यादा हो गया है। वर्तमान में यह आंकड़ा 55 लाख 68 हजार 759 पहुंच गया है। देश में कुल एक्टिव मरीजों की तादाद से लगभग 35 लाख 18 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। देश में अब तक सक्रिय मरीजों की तादाद 09 लाख 80 हजार 400 एवं रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 44 लाख 98 हजार 570 है, एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 88 हजार 992 है। अब तक देश में कुल 06 करोड़ 53 लाख 25 हजार 779 लोगों का कोविड परीक्षण कराया जा चुका है। वहीं, मध्य प्रदेश में संक्रमित मरीजों की तादाद का आंकड़ा 01 लाख को पार कर गया है। यहां कुल संक्रमित मरीजों की तादाद से लगभग 61 हजार 76 से ज्यादा लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। प्रदेश में आंकड़ा 01 लाख 08 हजार 167 पहुंच गया है, जिसमें एक्टिव मरीजों की तादाद 22 हजार 542, रिकव्हर्ड मरीजों की तादाद 83 हजार 618 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 02 हजार 07 है। प्रदेश में अब तक 18 लाख 40 हजार से ज्यादा लोगों का कोविड टेस्ट कराया जा चुका है।
प्रदेश में जिन जिलों में कोरोना के संक्रमित मरीजों की तादाद एक हजार से ज्यादा है उनमें वर्तमान में इंदौर में 19 हजार 937 कुल मरीजों में से एक्टिव मरीजों की तादाद 03 हजार 882 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 502 है, भोपाल में 15 हजार 122 कुल मरीज, एक्टिव मरीजों की तादाद 1 हजार 902, जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 363, ग्वालियर में 09 हजार 353 कुल मरीजों में एक्टिव मरीजों की तादाद 02 हजार 12 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 104, जबलपुर में कुल 07 हजार 887 में से एक्टिव मरीजों की संख्या 01 हजार 283 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 127, खरगौन में कुल मरीजों की संख्या 2 हजार 894 एवं सक्रिय मरीजों की तादाद 518 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 37, उज्जैन में 02 हजार 635 कुल में से एक्टिव मरीजों की तादाद 545 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 89, मुरैना में कुल मरीजों की संख्या 02 हजार 459 एक्टिव मरीजों की तादाद 213 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 19, सागर में कुल मरीजों की संख्या 02 हजार 35 में से एक्टिव मरीज 702 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 83, शिवपुरी में कुल 01 हजार 909 में से एक्टिव केसेज 410 एवं 18 लोग काल कलवित हुए हैं। नरसिंहपुर में कुल एक हजार 852 में से एक्टिव मरीजों की तादाद 453 एवं जिनका निधन हुआ उनकी संख्या 10, धार में एक हजार 850 मरीजों में से एक्टिव की तादाद 622 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 26, नीमच में कुल एक हजार 803 मरीजों में से एक्टिव मरीजों की तादाद 440 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 29, रतलाम में कुल 01 हजार 762 में से एक्टिव मरीजों की तादाद 358 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 35, बड़वानी में कुल 01 हजार 644 मरीजों में से एक्टिव मरीज 273 एवं जिनका निधन हुआ उनकी तादाद 19, बैतूल में कुल एक हजार 546 में से सक्रिय की तादाद 518 एवं जिनका निधन हुआ उनकी संख्या 37, शहडोल में कुल 01 हजार 483 मरीजों में से 557 एक्टिव मरीज और जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 15, विदिशा में कुल 1 हजार 476 मरीजों में से एक्टिव मरीज 287 व जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 27, रीवा में कुल 01 हजार 468 मरीजों में से एक्टिव मरीज 482 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी संख्या 22, मंदसौर में कुल 01 हजार 394 मरीजों में एक्टिव मरीजों की संख्या 252 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 14, दमोह में एक हजार 380 कुल में से एक्टिव मरीजों की तादाद 525 एवं 25 लोगों ने अब तक दम तोड़ा है। खण्डवा में कुल एक हजार 337 मरीजों में 250 एक्टिव मरीज एवं जिनका निधन हुआ उनकी संख्या 29, सीहोर में एक हजार 331 में से सक्रिय की संख्या 391 एवं 24 लोग कालकलवित हुए हैं। होशंगाबाद में कुल 01 हजार 216 मरीजों में से एक्टिव की तादाद 400 व 24 लोगों ने दम तोडा है। सतना में कुल 01 हजार 204 में से सक्रिय 261 व 24 लोगों ने दम तोड़ा है। राजगढ़ में कुल मरीजों की तादाद 01 हजार 170 में से एक्टिव मरीजों की संख्या 202 व 18 लोगों का निधन हुआ है। झाबुआ में कुल 01 हजार 154 मरीजों में से सक्रिय मरीज 236 व कुल 11 लोग काल कलवित हुए हैं, देवास में कुल 01 हजार 152 में से 171 एक्टिव व जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 19, दतिया में कुल 01 हजार 122 में से एक्टिव की तादाद 243 एवं कुल 15 लोगों का निधन हुआ है, रायसेन में कुल 01 हजार 89 में से सक्रिय की संख्या 213 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 22, छतरपुर में कुल 01 हजार 61 में से एक्टिव केसेज 206 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 23 एवं कटनी में कुल 01 हजार 11, एक्टिव मरीज 352 एवं जिनका निधन हुआ है उनकी तादाद 17 है।
—–
आप सुन रहे थे रीना सिंह से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की साई न्यूज में मंगलवार 22 सितंबर का प्रादेशिक आडियो बुलेटिन। बुधवार 23 सितंबर को एक बार फिर हम आडियो बुलेटिन लेकर हाजिर होंगे, अगर आपको यह आडियो बुलेटिन पसंद आ रहे हों तो आप इन्हें लाईक, शेयर और सब्सक्राईब जरूर करें। फिलहाल इजाजत लेते हैं, नमस्कार।
(साई फीचर्स)
———

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.