सड़क पार कर रहीं 02 महिलाएं घायल हुईं

 

(अपराध ब्यूरो)

सिवनी (साई)। सिवनी के समीप लूघरवाड़ा ग्राम में घटित एक सड़क हादसे में दो महिलाएं घायल हो गयीं जिन्हें 108 के माध्यम से जिला चिकित्सालय में उपचारार्थ दाखिल करवाया गया है।

दुर्घटना के संबंध में पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम खैरी निवासी सावित्री बाई (65) पति रामू डहेरिया एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिये सिवनी के समीप ग्राम लूघरवाड़ा में सुक्कू लाल डहेरिया के यहाँ आयीं हुईं हैं। यहाँ गुरूवार 09 मई की शाम लगभग सात बजे वे सुक्कू लाल डहेरिया की धर्म पत्नि श्रीमति राजकुमारी के साथ कहीं जाने के लिये निकलीं।

बताया जाता है कि उसी दौरान श्रीमति सावित्री बाई और श्रीमति राजकुमारी जब सड़क क्रॉस कर रहीं थीं तभी बण्डोल की दिशा से आ रहे दो पहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मारकर घायल कर दिया। इस दुर्घटना की सूचना तत्काल 108 एंबूलेंस को दी गयी जिसकी सहायता से दोनों महिलाओं को जिला चिकित्सालय पहुँचाया गया। जिला चिकित्सालय में दोनों घायलों का उपचार किया जा रहा है।