(ब्यूरो कार्यालय)
सिवनी (साई)। कांग्रेस और भाजपा वैसे तो धुर विरोधी दल माने जाते हैं, पर जिला मुख्यालय सिवनी के नगर पालिका परिषद के मुख्य द्वार पर लगा एक होर्डिंग लोगों के लिए चर्चा का विषय बन चुका है।
नगर पालिका के मुख्य द्वार पर लगे इस होर्डिंग में समस्त नगर वासियों को नवरात्र, दशहरा, दीपावली एवं जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं, इबारत लिखी हुई है। इस होर्डिंग में निवेदक, प्रकाशक अथवा किसके द्वारा इसे लगवाया गया है इस बारे में कोई उल्लेख नहीं है।
इस होर्डिंग में सबसे पहले भाजपा के सिवनी विधायक दिनेश राय की फोटो है, उसके बाद कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजकुमार खुराना, कांग्रेस के प्रदेश सचिव राजा बघेल, कांग्रेस के नेता संतोष नानू पंजवानी, नगर पालिका परिषद की उपाध्यक्ष डाली अमित डागौर एवं पालिका के अध्यक्ष शफीक खान की फोटो लगी हुई हैं।
यहां यह उल्लेखनीय होगा कि दिनेश राय के द्वारा जब सिवनी विधान सभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा गया था तब उनके द्वारा भाजपा के नरेश दिवाकर एवं कांग्रेस के राज कुमार खुराना को पराजित किया गया था। वर्तमान में दिनेश राय भाजपा से विधायक हैं और राज कुमार खुराना जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं।
यह होर्डिंग लंबे समय से नगर पालिका के मुख्य द्वारा पर लगा हुआ है। लोग चटखारे लेकर इसमें चस्पा फोटो की चर्चाएं करते दिख रहे हैं। दरअसल, नगर पालिका परिषद पर कांग्रेस का कब्जा है। नगर पालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष कांग्रेस के हैं, उसके बाद भाजपा के विधायक का फोटो इसमें होना सभी के लिए आश्चर्य से कम नहीं है।
लोगों का कहना है कि अगर सिवनी के जनप्रतिनिधियों को इसमें स्थान दिया जाना था तो इसमें बालाघाट के सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन (चूंकि उनके संसदीय क्षेत्र में सिवनी भी आता है) के अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष सिवनी श्रीमति मालती मुकेश डेहरिया के अलावा जिला पंचायत के उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस के जिला महामंत्री ब्रजेश लल्लू बघेल का चित्र भी इसमें शामिल किया जाना चाहिए था।
बहरहाल, इस होर्डिंग को यहां किसने चस्पा करवाया है यह तो शोध का ही विषय माना जा सकता है, पर इस होर्डिंग को लेकर अब तक कांग्रेस की ओर से आधिकारिक तौर पर किसी तरह की विज्ञप्ति भी जारी नहीं की गई है। लोग इसे भाजपा कांग्रेस की जुगलबंदी भी करार देते दिख रहे हैं!

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.