दशहरा पर्व के बाद दे सकती है शीत ऋतु दस्तक
(महेश रावलानी)
सिवनी (साई)। मौसम के मिजाज़ में परिवर्तन जारी है। दिन में अपेक्षाकृत गर्मी महसूस की जा रही है तो रात ढलते ही मौसम का मिजाज खुशनुमा होता जा रहा है। इस माह के अंत तक जिले में शीत ऋतु की दस्तक की आहट की उम्मीद की जा रही है।
पिछले एक सप्ताह से मौसम में आया बदलाव लोगों को हैरान किये हुए है। दिन में लोगों के पसीने छूट रहे हैं। दिन चढ़ते ही धूप चुभने लगती है। घरों से लेकर कार्यालयों तक कूलर एसी चालू हो जाते हैं। शाम ढलते ही उमस से लोग परेशान हो रहे हैं। रात कुछ हद तक राहत दे रही है। अब लोगों को ठण्ड का इंतजार है।
मौसम विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि इस माह के अंत तक ठण्ड दस्तक दे सकती है। फिलहाल ठण्डा गर्म मौसम बने रहने की संभावना है। सूत्रों ने कहा कि हवा की दिशा बदलने के साथ ही मौसम एक और करवट लेने को तैयार दिख रहा है।
फिलहाल लोग दिन के वक्त गर्मी से परेशान हैं, पारा सामान्य से ऊपर बना रह रहा है। जल्द ही इससे निजात मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुमान के हिसाब से सूत्रों ने बताया कि शहर से गुजर रही हवाओं की दिशा बदलना आरंभ हो गयी है। रविवार को उत्तर – पश्चिमी हवा चली। इसमें उत्तरी हवाओं की गति कुछ दिन बाद बढ़ सकती है। इससे दशहरा के बाद से दिन के वक्त ऊपर चढ़ रहा पारा भी नीचे आने लगेगा। हल्की ठण्डक का अहसास होगा।
सूत्रों के अनुसार मौसम के मिजाज़ में बदलाव तो आयेगा किन्तु 15 तारीख के आसपास एक बार फिर दिन के समय तेज धूप के चलते दिन के तापमान में बढ़ौत्तरी हो सकती है। दो तीन दिन मौसम इसी तरह रहने के बाद फिर दिन के समय पारे में कमी दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग के सूत्रों के अनुसार अभी तक पूर्वी हवा चल रही थीं। यह हवा बेहद धीमी गति से चल रही है। हवा की रफ्तार कम होने के कारण दिन में तापमान बढ़ रहा है। रात को सामान्य से अपेक्षाकृत कम तापमान दर्ज हो रहा है। लगभग एक सप्ताह से लगातार दिन और रात के बीच तापमान में अंतर बढ़ रहा है।

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं.
अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.