दशहरा पर होगा 35 फीट के रावण के पुतले का दहन

 

 

श्रीराम दल समिति के द्वारा की गयीं तैयारियां मुकम्मल

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक दशहरा पर्व पर कोतवाली के सामने स्थित मैदान में 35 फीट के रावण के पुतले का दहन किया जायेगा। इसके लिये श्रीराम दल समिति के द्वारा तैयारियां लगभग पूरी कर ली गयी हैं।

श्रीराम दल के सदस्यों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि इस बार विजय दशमी के पर्व पर बनारस की गंगा आरती की तर्ज पर ही महाआरती की जायेगी। इसके साथ ही साथ वृंदावन से आये कलाकारों के द्वारा आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुती की जायेगी।

उन्होंने बताया कि इसके तहत सत्यभामा का अहंकार नामक नृत्य नाटिका का मंचन किया जायेगा। इसके साथ ही साथ आकर्षक आतिशबाजी के बीच भगवान श्रीराम के अग्निबाण से बुराई के प्रतीत लगभग 35 फीट के रावण के पुतले का दहन भी किया जायेगा।

नगर की सेवाभावी संस्था श्री रामदल समिति द्वारा विजयदशमी पर्व पर परंपरागत रूप से स्थानीय कोतवाली थाने के सामने स्थित म्युनिस्पिल ग्राउंड दशहरा मैदान में 08 अक्टूबर को शाम साढ़े 06 बजे भव्यता के साथ अपने विभिन्न आयोजनों के साथ मनाया जायेगा।

इस हेतु दशहरा मैदान में श्रद्धालुओं के बैठने के लिये सुव्यस्थित तरीके से बेरिकेटिंग की जायेगी जिसमे महिलाओं एवं बच्चों के बैठने के लिये विशेष व्यवस्था की जा रही है। मैदान के दोनों प्रवेश द्वार सहित पूरे मैदान में सीसीटीवी कैमरे लगाये जा रहे हैं।

इसके अलावा मैदान में और मैदान के बाहरी हिस्से में बड़ी – बड़ी टीवी स्क्रीनों में माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जायेगा, इसके साथ ही सिटी केवल नेटवर्क द्वारा भी रावण दहन के इस पूरे आयोजन का प्रसारण किया जायेगा।

सेल्फी जोन बना श्री रामद्वार : श्री रामदल समिति द्वारा नेहरू रोड में आकर्षक साज सज्जा की गयी है। यहीं पर प्रभु श्री लक्ष्मी नारायण भगवान की मनमोहक आकर्षक झाँकी श्रीराम द्वार में स्थापित की गयी है। इस अप्रीतम झाँकी को नगर के युवा कलाकार, मूर्तिकार संजय पटेल द्वारा आकार दिया जाकर श्रृंगारित किया गया है। यहीं पर भगवान के दशावतार को चित्रों में माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। श्री रामदल की नयनाभिराम झाँकी तथा आकर्षक पैसेज श्रद्धालुआंे और दर्शनार्थियों के लिये सेल्फी ज़ोन बना हुआ है।

महाआरती से प्रारंभ होगा मुख्य समारोह : श्री रामदल समिति के संरक्षक मण्डल के सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के उपरांत बनारस की गंगा आरती की तर्ज पर ग्वारीघाट में माँ नर्मदा की नित्य महाआरती करने वाले पाँच वैदिक ब्राह्मणों द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम प्रभु की पूजा अर्चना की जाकर महाआरती की जायेगी।

सत्यभामा का अहंकार का मंचन : इस दौरान वृंदावन के कलाकारों द्वारा सत्यभामा का अहंकार नृत्य नाटिका का मंचन होगा जिसमें भगवान श्रीकृष्ण देवी रूक्मणी द्वारा सत्यभामा का अहंकार को भक्ति के द्वारा खत्म किये जाने का प्रदर्शन किया जायेगा।

35 फीट के रावण के पुतले का होगा दहन : नागपुर के कलाकारों द्वारा बुराई के प्रतीक दशानन रावण का पुतला 35 फीट ऊँचा निर्मित किया गया है जिसे आकर्षक रंगबिरंगी आतिशबाजी के साथ श्री राम – लक्ष्मण के अग्नि बाणों से रात्रि साढ़े 09 बजे दहन किया जायेगा। नगर के ब्राह्मण द्वय आचार्य ओम दीक्षित तथा गणेश दीक्षित श्री राम – लक्ष्मण के स्वरूप में तथा हनुमान के स्वरूप पंडित यश चौबे विराजित होंगे।

शुक्रवारी से विजय यात्रा : दशहरा पर्व पर शुक्रवारी गांधी चौक से व्यायाम शालाओ की अगवानी में निकलने वाली देवी प्रतिमाओं की शोभा यात्रा का हिस्सा बनते हुए श्रीराम दल की विजय यात्रा में संपूर्ण रामदल तथा प्रभु श्रीराम, श्रीलक्ष्मण तथा महाबली हनुमानजी आकर्षक रथ में सवार होकर नगर भर्मण के लिये निकलेंगे।

SAMACHAR AGENCY OF INDIA समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया देश की पहली डिजीटल न्यूज एजेंसी है. इसका शुभारंभ 18 दिसंबर 2008 को किया गया था. समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया में देश विदेश, स्थानीय, व्यापार, स्वास्थ्य आदि की खबरों के साथ ही साथ धार्मिक, राशिफल, मौसम के अपडेट, पंचाग आदि का प्रसारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है. इसके वीडियो सेक्शन में भी खबरों का प्रसारण किया जाता है. यह पहली ऐसी डिजीटल न्यूज एजेंसी है, जिसका सर्वाधिकार असुरक्षित है, अर्थात आप इसमें प्रसारित सामग्री का उपयोग कर सकते हैं. अगर आप समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को खबरें भेजना चाहते हैं तो व्हाट्सएप नंबर 9425011234 या ईमेल samacharagency@gmail.com पर खबरें भेज सकते हैं. खबरें अगर प्रसारण योग्य होंगी तो उन्हें स्थान अवश्य दिया जाएगा.