होली पर 10 घण्टे रहेगी भद्रा

 

इस समय करें पूजन, जानिये आपके लिये कौन सा रंग रहेगा शुभ

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। फाल्गुन मास की पूर्णिमा पर 20 मार्च को होलिका का पूजन किया जायेगा। इस बार होली पर सुबह 10.46 से रात्रि 08.46 तक लगभग 10 घण्टे भद्रा रहेगी।

वहीं ज्योतिषों के अनुसार भद्रा में पूजन आदि शुभ कार्य निषेध माने जाते हैं। होलिका दहन का शुभ मुहूर्त रात्रि 08.58 से 12.34 मिनिट तक रहेगा। मुहूर्त के अनुसार यदि भद्र में पूजन काल के समय उत्तरा फाल्गुनी उत्तराषाढ़ा तथा उत्तरा भाद्रपद नक्षत्र में से कोई भी एक नक्षत्र हो तो भद्रा का दोष नहीं लगता है। इस बार होली पर गोधूलि बेला में पूजन के समय उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र की साक्षी रहेगी। इसलिये महिलाएं संध्या काल में भी होलिका पूजन कर सकतीं हैं।

ज्योतिषाचार्यों के अनुसार भारतीय ज्योतिष शास्त्र के अनुसार फाल्गुन मास में प्रमुख त्यौहार पर आने वाली भद्रा का वास मृत्यु लोक में रहता है। चंद्र राशि के अनुसार भी भद्रा को देखें तो सिंह राशि के चंद्रमा में भी भद्रा का वास पृथ्वी पर बताया गया है। भूलोक पर रहने वाली भद्रा में शुभ कार्य वर्जित माने गये हैं।

हालांकि मुहूर्त चिंतामणि के कारण शुभ कार्य करने में भद्रा का दोष नहीं लगता है। इस बार होली पर शाम 04.22 बजे से उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र आरंभ हो रहा है, जो अगले दिन दोपहर 02 बजे तक रहेगा। इसलिये संध्या काल में होलिका पूजन किया जा सकता है। वहीं पूर्णतः निर्दाेष मुहूर्त की मान्यता रखने वाले श्रद्धालु रात्रि 09 बजे नौ बज के बाद पूजा करें। इस मुहूर्त में होलिका पूजन धन धान्य देने वाला रहेगा।

अमृत योग में मनायी जायेगी होली : ज्योतिषाचार्यों के अनुसार होलिका दहन सूर्यास्त के बाद प्रदोष काल में पूर्णिमा तिथि में किया जायेगा। 20 मार्च की रात्रि 08 बजकर 58 मिनिट से रात्रि 12 बजकर 34 मिनिट तक होलिका दहन करना शुभ है। वहीं पूर्णिमा 20 मार्च की सुबह 10 बजकर 44 मिनिट से प्रारंभ होकर दूसरे दिन 21 मार्च को सुबह 07 बजकर 12 मिनिट तक रहेगी।

भद्रा पुंछ : 20 मार्च को सुबह 03 बजकर 23 मिनिट से 06 बजकर 24 मिनिट तक रहेगी। जबकि भद्रा मुख 06 बजकर 24 मिनिट से 08 बजकर 07 मिनिट तक रहेगी।

इन राशि वाले इन रंगों से खेलंे होली : ज्योतिषाचार्यों के अनुसार जिसकी राशि जो है वह अपनी राशि के अनुकूल रंगों से होली खेलें तो उचित रहेगा।

मेष : गुलाबी रंग

वृषभ : चमकीला रंग

मिथुन : हरा रंग

कर्क : सफेद रंग

सिंह : लाल रंग

कन्या : हरा रंग

तुला : नारंगी रंग

वृश्चिक : लाल रंग

धनु : पीला रंग

मकर : बैगनी रंग

कुंभ : नीला रंग

मीन : पीला रंग