सांसद बिसेन पहुँचे प्रभावितों से मिलने

 

 

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। छिंदवाड़ा रोड पर बीते दिवस आये आँधी तूफान के कारण लोगों के घरों की छतें उड़ गयीं और अनेक लोगों को काफी नुकसान का सामना करना पड़ा। बालाघाट सांसद डॉ.ढाल सिंह बिसेन ने प्रभावितों से मिलकर उन्हें पर्याप्त मुआवजा दिलवाने का आश्वासन दिया है।

गत दिवस नगर के छिंदवाड़ा मार्ग स्थित अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में मौसम की मार के चलते ग्राम वासियों को भारी क्षति पहुँची है। इससे न सिर्फ विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई बल्कि अनेक ग्राम वासियों के मकानों को भी भारी क्षति पहुँची है। ऐसी स्थिति में प्रभावितों को तत्काल शासकीय सहायता उपलब्ध करायी जाये ताकि पीड़ित क्षतिग्रस्त मकानों को ठीक कर सकें तथा विद्युत आपूर्ति भी शीघ्र प्रारंभ किया जाना सुनिश्चित की जाये।

उक्त आशय की बात शनिवार को मौसम की मार से प्रभावित ग्रामों के दौरे पर ग्राम मरझोर मे पीड़ितों से मिलने पहुँचे बालाघाट सांसद ढाल सिंह बिसेन एवं भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम तिवारी द्वारा कही गयी। इस दौरान डॉ.बिसेन एवं भाजपा जिला अध्यक्ष तथा उनके साथ पहुँचे भाजपा के अनेक कार्यकर्त्ताओं ने प्रभावित ग्राम वासियों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।

भाजपा मीडिया प्रभारी श्रीकांत अग्रवाल ने बताया कि इस दौरे में तहसीलदार श्री मिश्रा भी उपस्थित थे। डॉक्टर बिसेन ने कहा कि पीड़ित ग्राम वासियों को हुई क्षति का आँकलन कर शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप अधिकतम नुकसानी का मुआवजा प्रकरण बनाया जाकर उन्हें मुआवजा राशि उपलब्ध करायी जाये।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से शिव सनोडिया, राजू सक्सेना, विठ्ठल पटेल, मोनू सनोडिया, राम प्रसाद सनोडिया, सतीश डेहरिया, महेश पटेल, ज्ञानचंद सनोडिया, दिलीप अग्रवाल, जगन्नाथ सनोडिया के साथ ही भाजपा कार्यकर्त्ता एवं पदाधिकारी दौरे उपस्थित रहे।