भाजपा के विभिन्न कार्यक्रम 14 से

 

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। जिला भाजपा द्वारा आगामी 14 से 20 सितंबर तक विभिन्न सामाजिक एवं सेवाभावी कार्यक्रमों को आयोजित कर इसे सेवा सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष अग्रवाल को जिला प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है। इस आशय की जानकारी भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम तिवारी द्वारा दी गई।

भाजपा मीडिया प्रभारी श्रीकांत अग्रवाल ने बताया कि भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर के अवसर पर इसे राष्ट्रीय स्तर पर सेवा सप्ताह के रूप में मनाया जाकर स्वच्छता अभियान, रक्त दान शिविर, विभिन्न सामाजिक विषयों पर जनजागृति, पर्यावरण संरक्षण संदेश, जैसे अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी कड़ी में जिला भाजपा द्वारा भी आगामी 14 से 20 सितंबर तक संपूर्ण जिले में मंडल स्तर पर अनेकों कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।