ब्रॉडगेज़ : मेगा ब्लॉक के हुए साढ़े तीन साल पूरे!

 

 

0 एक सूखा तो दूसरा अटा पड़ा . . . 02

आखिर कब सुनायी देगी सिवनी में ब्रॉडगेज़ की सीटी!

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। छिंदवाड़ा से सिवनी होकर नैनपुर जाने वाले नैरोगेज़ रेल खण्ड के अमान परिवर्तन के लिये दो साल की निर्धारित अवधि पूरी हुए डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी अब तक सिवनी में ब्रॉडगेज़ का काम पूरा नहीं हो सका है। आने वाले दो सालों में यह काम पूरा होने की उम्मीद भी कम ही दिख रही है।

ज्ञातव्य है कि वर्ष 2015 में 31 अक्टूबर से मेगा ब्लॉक की घोषणा रेल मंत्रालय के द्वारा की गयी थी। इसी साल दीपावली के त्यौहार के चलते इस मेगा ब्लॉक की अवधि 30 नवंबर तक बढ़ा दी गयी थी। वर्ष 2015 में एक दिसंबर के बाद जिला मुख्यालय सहित जिले में रेल का परिचालन बंद कर दिया गया था।

यहाँ यह उल्लेखनीय होगा कि जिले के घंसौर क्षेत्र में ब्रॉडगेज़ का काम बहुत ही तेजी से किया गया। इसके बाद यह काम घंसौर से नैनपुर तक पूरा हो गया है एवं नैनपुर से बालाघाट के लिये जारी है। नैनपुर से सिवनी की ओर ब्रॉडगेज़ का काम जिस मंथर गति से चल रहा है उसे देखते हुए उम्मीद जतायी जा रही है कि आने वाले दो साल तक इस रेल खण्ड में शायद ही ब्रॉडगेज़ की सीटी सुनायी दे पाये।

रेल विभाग के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि नैनपुर से सिवनी होकर चौरई तक के रेल खण्ड का काम बहुत ही धीमी गति से किया जा रहा है। यहाँ तक कि जिला मुख्यालय सिवनी में रेलवे स्टेशन का काम अभी जिस मंथर गति से चल रहा है उसे देखकर यह कहना मुश्किल ही लग रहा है कि यह 2021 के अंत तक भी पूरा हो सके।

सूत्रों का कहना है कि नैनपुर से सिवनी होकर चौरई तक के रेल खण्ड का हिस्सा जिले के दोनों तत्कालीन सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते और बोध सिंह भगत के संसदीय क्षेत्र का हिस्सा था। इसके बाद भी सांसद द्वय के द्वारा न तो लोकसभा में ही इस रेल खण्ड का काम धीमी गति से होने और न ही मेगा ब्लॉक की अवधि समाप्त होने की बात उठायी गयी और न ही उनके द्वारा रेल मंत्री या रेलवे बोर्डं के अधिकारियों पर इस मामले में किसी तरह का दबाव बनाया गया।

इस संबंध में लोगों का कहना है कि रेलवे का मेगा ब्लॉक लगने के बाद जिले में रेल का परिचालन बंद होने के बाद यात्री बस संचालकों के द्वारा यात्रियों से मनमाना किराया भी वसूल किया जा रहा है। मेगा ब्लॉक की समयावधि पूरी होने के बाद भी काँग्रेस भाजपा के द्वारा अब तक इस मामले में पुरजोर तरीके से माँग नहीं उठायी गयी है।

जिला वासियों ने मण्डला सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते एवं बालाघाट सांसद डॉ.ढाल सिंह बिसेन से जनापेक्षा व्यक्त की है कि सांसद द्वय के द्वारा दक्षिण, पूर्व मध्य रेलवे की डीआरएम को सिवनी बुलाकर लोगों के सामने ब्रॉडगेज़ की धीमी रफ्तार एवं इसका काम कब तक पूरा होगा इस बारे में स्थिति स्पष्ट करने की पहल करें।